चंदौली में खेलते-खेलते नहर में गिरे दो मासूम: बहन को बचाने उतरा भाई भी डूबा, स्कूल से लौटकर खेल रहे थे बच्चे
चंदौली के चहनिया स्थित बलुआ थाना क्षेत्र के मथेला गांव में दर्दनाक हादसे में सगे भाई-बहन की नहर में डूबने से मौत हो गई। छुट्टी के बाद घर लौट रहे बच्चे नहर के पास नीम के पेड़ के समीप खेल रहे थे। इसी दौरान साक्षी कुशवाहा अचानक नहर में गिर गई। उसे बचाने की कोशिश में भाई क्षितिज कुशवाहा भी पानी में चला गया। दोनों के डूबने की खबर मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई।
गोविंद कुशवाहा के तीन बच्चे हैं। क्षितिज और उनकी बहन लक्ष्मी विशापुर गांव के प्राथमिक विद्यालय में पढ़ते थे, जबकि साक्षी आंगनबाड़ी केंद्र जाती थी। घटना के समय तीनों छुट्टी के बाद घर लौट रहे थे। दोनों को नहर में डूबता देखकर उनकी मझली बहन लक्ष्मी दौड़कर घर पहुंची और परिजनों को जानकारी दी। इसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बच्चों की तलाश शुरू की।
घंटों मशक्कत के बाद मिले दोनों शव
उच्चाधिकारियों ने सिंचाई विभाग को सूचना देकर नहर बंद करवाई। ग्रामीणों ने काफी देर तक तलाश के बाद दोनों बच्चों के शव नहर से बाहर निकाले। बलुआ पुलिस भी मौके पर पहुंची और दोनों को चहनियां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए हैं।
एसडीएम ने दिया भरोसा
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय विधायक प्रभु नारायण सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को घटना से अवगत कराया और एसडीएम आकांक्षा सिंह से पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई तथा उचित मुआवजा दिलाने की मांग की। एसडीएम ने परिजनों को उचित सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। दो मासूमों की मौत से पूरे क्षेत्र में सन्नाटा है। दादा रामदुलार, मां गौरा देवी और दादी कुसुमलता समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गोविंद कुशवाहा परिवार के भरण-पोषण के लिए कर्नाटक में प्राइवेट नौकरी करते हैं।




