चित्रकूट में हाईवे पर बेकाबू होकर पलटी ट्रैक्टर-ट्रॉली: दो बच्चों समेत चार श्रद्धालुओं की मौत, 12 लोग हुए घायल

चित्रकूट|
दो बच्चों समेत चार श्रद्धालुओं की मौत, 12 लोग हुए घायल
सेव सूची

उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले में झांसी-मिर्जापुर नेशनल हाईवे पर सोमवार तड़के एक ट्रैक्टर-ट्रॉली बेकाबू होकर पलट गई। इस हादसे में दो बच्चों समेत चार श्रद्धालुओं की मौत हो गई। इसके अलावा 12 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

दीवाली पर दीप जलाकर लौट रहे थे सभी लोग

जानकारी के मुताबिक जिले के रैपुरा थाना क्षेत्र के रामनगर कस्बे के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली को जोड़ने वाला गुल्ला टूट गया। इससे ट्रॉली अनियंत्रित हो गई और सड़क पर ही पलट गई। ट्रॉली में बैठे यात्री उसके नीचे दब गए। हादसे के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई। आसपास के गांव के लोगों ने ट्रॉली के नीचे दबे लोगों को खींचकर बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। पुलिस ने सभी घायलों को सीएचसी रामनगर पहुंचाया। जहां चार को डॉक्टरों ने मृत करार दे दिया। जबकि 12 लोग घायल हैं। इनमें सात को गंभीर हालत प्रयागराज रेफर किया गया है।

कब हुआ हादसा

हादसा जिला मुख्यालय से करीब 40 किमी दूर मऊ तहसील के रामनगर कस्बे में रविवार रात 2:30 बजे हुआ है। ट्रॉली में सवार लेाग मध्य प्रदेश के रीवा और यूपी के प्रयागराज जिले के रहने वाले हैं। ट्रैक्टर सवार श्रद्धालु दीपदान में शामिल होकर प्रयागराज लौट रहे थे। मृतकों में तीन मध्य प्रदेश के रीवा और एक प्रयागराज जिले का निवासी था। प्रयागराज के खीरी थाना क्षेत्र के ऊंचा गांव से करीब दो दर्जन श्रद्धालु शनिवार को चित्रकूट आए थे। उनके साथ मध्य प्रदेश के रीवा जिले के कुछ रिश्तेदार भी थे। रविवार देर रात दर्शन व दीपदान के बाद वे प्रयागराज के लिए रवाना हुए थे।

महिलाओं ने मांगी मदद

ट्रैक्टर पर पांच लोग सवार थे, जबकि ट्रॉली में बच्चों समेत 20 लोग सवार थे। तभी रैपुरा थाना क्षेत्र के रामनगर कस्बे में नहर के पास अचानक ट्रैक्टर से ट्रॉली को जोड़ने वाला हुक निकल गया। जिससे ट्रैक्टर करीब 50 मीटर आगे निकल गया। जबकि ट्रॉली बेकाबू होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। ट्रॉली पलटने से सभी लोग उसके नीचे दब गई। हादसे के बाद कुछ महिलाएं घायल हालत में निकलकर रामनगर में बस्ती में पहुंचीं और शोर मचाकर लोगों से मदद मांगी। जिसके बाद ग्रामीणों को हादसे का पता चला।

ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। हादसे की सूचना मिलते ही रैपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी राम सिंह और सीओ राजापुर ने पुलिस बल के साथ राहत एवं बचाव कार्य कराया। सभी घायलों को सीएचसी रामनगर पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने दो बच्चों समेत चार लोगों को मृत करार दे दिया। मृतकों में शिववास (7) निवासी मझिगंवा थाना चाकघाट रीवा (मप्र), त्रिवेणी (40), नन्हें (6)और व राधे कृष्ण (52) निवासी ऊंचगांव प्रयागराज के रूप में हुई है।

सूचना पर डीएम पुलकित गर्ग और एसपी अरुण कुमार सिंह घटनास्थल पर पहुंचे। इसके बाद सीएमओ महेंद्र त्रिपाठी सीएचसी पहुंचे और घायलों का हाल जाना। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी रैपुरा राम सिंह ने बताया कि गंभीर रूप से घायल सात लोगों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। इनमें राज कुमारी, दिव्यांशी, रेखा, संगीता और सुनैना शामिल हैं।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।