चित्रकूट में ढहा कच्चा मकान: पिता और दो बच्चों की मौत, खतरे के निशान से तीन मीटर ऊपर पहुंची मंदाकिनी

चित्रकूट|03 सितंबर 2026
पिता और दो बच्चों की मौत, खतरे के निशान से तीन मीटर ऊपर पहुंची मंदाकिनी

चित्रकूट और मध्य प्रदेश के सीमावर्ती सतना जिले में लगातार हो रही मूसलधार बारिश से जनजीवन प्रभावित है। मंदाकिनी नदी का जलस्तर भी लगातार बढ़ रहा है। इसी बीच कर्वी विकासखंड के सभापुर बरछा गांव में बारिश के दौरान कच्चा मकान ढह गया। हादसे में मलबे के नीचे दबकर पिता और उसके दो बच्चों की मौत हो गई। पड़ोस में रहने वाले पिता-पुत्री भी हादसे की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर दुख जताते हुए अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए हैं।

भरतकूप थाना क्षेत्र के सभापुर बरछा गांव निवासी कल्लू परिवार के साथ कच्चे मकान में सो रहा था। बारिश के बीच अचानक मकान भरभराकर गिर गया। मकान के मलबे में परिवार के सदस्य दब गए। तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल बचाव अभियान शुरू किया। ग्रामीणों ने मलबा हटाकर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक कल्लू, उसके बेटे अंश और बेटी गुड़िया की मौत हो चुकी थी। हादसे के बाद गांव में चीख-पुकार मच गई।

मौके पर पहुंचे अधिकारी

मकान गिरने से पास में रहने वाले कुंत और उसकी बेटी आंशिका भी मलबे की चपेट में आ गए। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों ने उन्हें बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां दोनों का उपचार जारी है। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। प्रशासनिक अधिकारियों ने भी गांव पहुंचकर स्थिति की जानकारी ली और राहत-बचाव कार्य का निरीक्षण किया।

मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

लगातार 24 घंटे से जारी बारिश का असर मंदाकिनी नदी के जलस्तर पर भी पड़ा है। गुरुवार को नदी का जलस्तर 129.500 मीटर दर्ज किया गया, जो खतरे के निशान से करीब तीन मीटर ऊपर है। नदी किनारे के निचले इलाकों में पहले से बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। जलस्तर और बढ़ने पर इन क्षेत्रों में संकट गहरा सकता है। मौसम विभाग ने चित्रकूट और सतना में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके मद्देनजर प्रशासन ने नदी, नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और जोखिम वाले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी गई है।

सीएम ने 24 घंटे में मुआवजे के दिए निर्देश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चित्रकूट में हुए हादसे का संज्ञान लेते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को घायलों का समुचित उपचार सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों से संवाद कर हर संभव सहायता उपलब्ध कराने को कहा है। साथ ही जनहानि और आर्थिक क्षति का आकलन कर 24 घंटे में मुआवजा देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।