देवरिया में तीन दिन बाद मिला गोरखपुर के युवक का शव: मूर्ति विसर्जन के दौरान नदी में डूबा था मृतक, पुलिस ने बाहर निकाला शव

मूर्ति विसर्जन के दौरान गोर्रा नदी में डूबे 18 वर्षीय युवक का शव तीन दिन बाद रविवार को देवरिया में बरामद हुआ। दोपहर करीब 12 बजे मदनपुर थाना क्षेत्र के करहीघाट के पास नदी में शव उतराता देखकर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। वह घर का इकलौता बेटा था।
जानकारी के अनुसार, रवि गुरुवार शाम अपने गांव के पास गोर्रा नदी में मूर्ति विसर्जन करने गया था। इसी दौरान वह गहरे पानी में डूब गया। घटना के बाद से ही परिजन और पुलिस उसकी तलाश में जुटे थे। लगातार खोजबीन के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया था। रविवार दोपहर उसका शव बहते हुए देवरिया के करहीघाट के पास पहुंच गया। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शव को नदी से बाहर निकलवाया। इसके बाद उसे पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया।
मां और बहन का रो-रोकर बुरा हाल
शव बरामद होने के करीब तीन घंटे बाद, दोपहर तीन बजे परिजन पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचे और उसकी पहचान की। रवि निषाद, गोरखपुर के झंगहा थाना क्षेत्र स्थित राजीव जगदीशपुर के अहिरवाती टोला निवासी गोपाल निषाद का बेटा था। वह मजदूरी करके परिवार की मदद करता था। रवि की मौत से मां शर्मिला और बहन खुशबू का रो-रोकर बुरा हाल है। इकलौते बेटे को खोने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घर में शोक का माहौल है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

