देवरिया में कब्र से निकाला गया बच्चे का शव: दो अक्टूबर को सेप्टिक टैंक में गिरने से हुई थी मौत, पोस्टमॉर्टम से खुलेगा मौत का राज

गौरीबाजार थाना क्षेत्र के उधोपुर गांव में चार वर्षीय ओम उर्फ कन्हैया का शव कब्र से निकलवाया गया। बच्चे की मौत दो अक्टूबर को घर के सामने निर्माणाधीन सेप्टिक टैंक में गिरने से हुई थी। परिजनों ने बिना पोस्टमॉर्टम कराए शव दफना दिया था। मामला संज्ञान में आने के बाद जिलाधिकारी ने शव निकलवाकर पोस्टमॉर्टम कराने का निर्देश दिया।
नायब तहसीलदार की मौजूदगी में गौरीबाजार पुलिस ने शव को कब्र से निकलवाया। इसके बाद उसे पोस्टमॉर्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया। प्रशासन का उद्देश्य पोस्टमॉर्टम के जरिए बच्चे की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट कराना है।
खुले सेप्टिक टैंक में गिरने से हुई थी मौत
जानकारी के अनुसार, गांव की गीता देवी शौचालय बनवाने के लिए सेप्टिक टैंक का निर्माण करा रही थीं। आरोप है कि टैंक मानकों से बड़ा बनाया गया था और उसे खुला छोड़ दिया गया था। इसी टैंक में गिरने से बच्चे की जान चली गई। मामले में लापरवाही के आरोप में ग्राम पंचायत अधिकारी सोनू कुमार यादव को सात अक्टूबर को निलंबित कर दिया गया था।
कर्मचारियों के विरोध के बीच प्रशासन ने लिया फैसला
ग्राम पंचायत अधिकारी के निलंबन के विरोध में कर्मचारी धरना दे रहे हैं। इसी दौरान अधिकारियों को पता चला कि बच्चे का पोस्टमॉर्टम नहीं कराया गया था। इसके बाद जिलाधिकारी ने शव निकलवाकर पोस्टमॉर्टम कराने का आदेश दिया। अब रिपोर्ट से मौत की परिस्थितियों को स्पष्ट करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

