देवरिया में दो कारों की भीषण टक्कर: हादसे में एक की मौत और आठ लोग घायल, डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में पहुंची कार

देवरिया|17 अगस्त 2026
हादसे में एक की मौत और आठ लोग घायल, डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में पहुंची कार

गौरीबाजार थाना क्षेत्र के बैतालपुर में दो कारों की आमने-सामने हुई टक्कर में एक युवक की मौत हो गई। वहीं, आठ लोग घायल हो गए। हादसा बैतालपुर स्थित एचपी पेट्रोल पंप के सामने हुआ। टक्कर के बाद एक कार में आग लग गई। इससे मौके पर दहशत मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने राहत-बचाव शुरू किया। सभी घायलों को देवरिया सदर अस्पताल और मेडिकल कॉलेज भेजा गया।

पुलिस के अनुसार, i20 कार संख्या यूपी 32 एफबी 3118 देवरिया से गोरखपुर की ओर जा रही थी। बैतालपुर के पास कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार करते हुए विपरीत दिशा की लेन में पहुंच गई। इसी दौरान सामने से गोरखपुर से देवरिया की ओर आ रही किआ कार संख्या यूपी 52 सीबी 9523 से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। भिड़ंत इतनी तेज थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

टक्कर के बाद i20 में लगी आग

हादसे के तुरंत बाद i20 कार में आग लग गई। आसपास मौजूद लोगों ने वाहनों में फंसे घायलों को बाहर निकालने में मदद की। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया। किआ कार में सवार सारिक, आदिल पुत्र असलम निवासी अबुबकर नगर, थाना कोतवाली देवरिया और साहिल अंसारी निवासी मिल इलाही, थाना कोतवाली देवरिया समेत अन्य लोग घायल हुए। वहीं i20 में सवार रितिक और सिद्धार्थ, दोनों निवासी छेड़ी रेवती, थाना रेवती, जिला बलिया, भी घायल हुए।

इलाज के दौरान किआ चालक ने तोड़ा दम

सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान किआ कार के चालक सारिक की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद यातायात व्यवस्था सामान्य कराने के लिए दोनों क्षतिग्रस्त कारों को क्रेन की मदद से सड़क किनारे हटाया गया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। सीओ रुद्रपुर राजेश चतुर्वेदी ने बताया कि दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हुई है, जबकि अन्य घायलों का उपचार जारी है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।