देवरिया में अगवा युवक की सकुशल वापसी: आधा दर्जन से अधिक संदिग्ध हिरासत में, आरोपियों से पूछताछ कर रही पुलिस
महुआडीह थाना क्षेत्र से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां दिनदहाड़े एक बुलेट सवार युवक को पिस्टल दिखाकर लग्जरी कार में अगवा कर लिया गया। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस की एसओजी और सर्विलांस सहित चार टीमों ने रात भर करीब डेढ़ दर्जन स्थानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की, जिसके बाद मंगलवार तड़के 3 बजे युवक को सकुशल बरामद कर लिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के पिपरा मदन गोपाल निवासी आयुष सिंह अपनी बुलेट मोटरसाइकिल से महुआडीह थाना क्षेत्र के बलटिकरा चौराहे पर पहुंचे थे। वह चौराहे के पास स्थित एक मॉल के समीप खड़े थे, तभी अचानक बिना नंबर प्लेट की एक लग्जरी कार आकर रुकी। आयुष कुछ समझ पाते, इससे पहले ही कार से उतरे अज्ञात बदमाशों ने उनके ऊपर पिस्टल तान दी और उन्हें जबरन खींचकर कार के भीतर डाल लिया। अपहरणकर्ताओं ने आयुष का मोबाइल फोन छीनकर रास्ते में ही फेंक दिया और कार लेकर देवरिया की तरफ फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस किडनैपिंग से इलाके में दहशत फैल गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत यूपी 112 और महुआडीह पुलिस को इसकी सूचना दी।
पुलिस ने चार टीमों का किया गठन
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर के निर्देशन में सीओ सिटी संजय कुमार रेड्डी के नेतृत्व में पुलिस, सर्विलांस और एसओजी (SOG) की चार विशेष टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने हाटा मार्ग से लेकर पुरवा तक के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। रात भर पुलिस टीमों ने जिले के विभिन्न संदिग्ध ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। पुलिस की इस भारी मुस्तैदी का नतीजा यह रहा कि वारदात के महज 13 घंटे के भीतर मंगलवार सुबह 3 बजे आयुष सिंह को सकुशल बरामद कर लिया गया। पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए करीब आधा दर्जन से अधिक संदिग्धों को भी हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है।
क्रिप्टो करेंसी और लेनदेन का विवाद
अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) आनंद कुमार पांडेय के मुताबिक, युवक की सकुशल बरामदगी हो चुकी है और अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आ रही है कि इस पूरी घटना के पीछे क्रिप्टो इन्वेस्टमेंट फ्रॉड और भारी रकम के लेनदेन का विवाद हो सकता है। पुलिस फिलहाल अपहृत युवक और हिरासत में लिए गए संदिग्धों से कड़ी पूछताछ कर रही है ताकि घटना के असली कारणों और इसमें शामिल सभी चेहरों का पूरी तरह से पर्दाफाश किया जा सके।










