देवरिया में तिरंगा यात्रा के बाद 80 छात्राएं हुईं बीमार: धूप में भूखे-प्यासे रहने से हुआ डिहाइड्रेशन, 59 छात्राएं अस्पताल में भर्ती

देवरिया|14 अगस्त 2026
धूप में भूखे-प्यासे रहने से हुआ डिहाइड्रेशन, 59 छात्राएं अस्पताल में भर्ती

तिरंगा यात्रा में शामिल कस्तूरबा बालिका विद्यालय की करीब 80 छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई। करीब डेढ़ किलोमीटर पैदल चलने के बाद दोपहर में स्कूल लौटते ही कई छात्राएं बेहोश हो गईं। वहीं, कई को उल्टियां होने लगीं। सभी को महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। एक साथ बड़ी संख्या में छात्राओं के पहुंचने से अस्पताल में अफरातफरी की स्थिति बन गई। बेड कम पड़ने पर कुछ छात्राओं का जमीन पर इलाज करना पड़ा और एक बेड पर दो-दो छात्राओं को लिटाकर उपचार किया गया। छह से अधिक डॉक्टरों की टीम निगरानी में लगी रही। हालत में सुधार के बाद 21 छात्राओं को घर भेज दिया गया, जबकि करीब 59 छात्राएं अभी भर्ती हैं।

डॉक्टरों के अनुसार छात्राओं ने कुछ खाया नहीं था और तेज धूप में काफी देर तक रहने के कारण उनमें गंभीर डिहाइड्रेशन के लक्षण मिले। छात्राओं को ओआरएस और स्लाइन दिया जा रहा है। मेडिकल कॉलेज के सीएमएस डॉ. एसके मिश्रा ने बताया कि सभी छात्राओं की लगातार निगरानी की जा रही है। फिलहाल उनकी स्थिति खतरे से बाहर है। अस्पताल में रिंकी कनौजिया, अंजलि, अंकिता, पल्लवी, छाया, शिवानी, रितिका, रंभा, पल्लवी और रीता समेत अन्य छात्राएं भर्ती हैं।

करीब 2500 छात्र-छात्राओं ने निकाली तिरंगा यात्रा

भाजपा की ओर से सभी जिलों में निकाली जा रही तिरंगा यात्रा के तहत देवरिया में भी कार्यक्रम आयोजित किया गया था। यात्रा पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज से शुरू हुई। कस्तूरबा बालिका विद्यालय की छात्राओं को सुबह नौ बजे ही बुला लिया गया था। यात्रा में करीब 20 स्कूलों के लगभग 2,500 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। देवरिया सदर विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी, जिला पंचायत अध्यक्ष पंडित गिरीश चंद तिवारी समेत भाजपा नेता भी शामिल हुए। छात्र-छात्राएं हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता की जय और देशभक्ति के नारे लगाते हुए आगे बढ़े। करीब डेढ़ किलोमीटर की यात्रा पूरी कर दोपहर एक बजे वे रवींद्र शाही स्पोर्ट्स स्टेडियम पहुंचे। इस दौरान गर्मी के कारण रास्ते में ही कई छात्राओं ने परेशानी की शिकायत की थी।

अस्पताल पहुंचे एसपी

यात्रा पूरी होने के बाद छात्राएं स्कूल लौटीं तो अचानक कई की हालत बिगड़ गई। कुछ बेहोश हो गईं और अन्य को उल्टियां होने लगीं। आनन-फानन में उन्हें मेडिकल कॉलेज के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया। घटना की जानकारी मिलने पर एसपी अभिजीत आर. शंकर भी अस्पताल पहुंचे और डॉक्टरों और अस्पताल प्रशासन से छात्राओं के स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने बेहतर उपचार और निगरानी के निर्देश दिए।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।