देवरिया में पोखरी में डूबने से बालक की मौत: एक घंटे बाद निकाला गया शव, पोस्टमॉर्टम हाउस पर माता-पिता में हुआ विवाद

देवरिया|
एक घंटे बाद निकाला गया शव, पोस्टमॉर्टम हाउस पर माता-पिता में हुआ विवाद

रामगुलाम टोला मोहल्ले में ननिहाल में रह रहे 10 वर्षीय बालक की पोखरी में डूबने से मौत हो गई। रविवार शाम हुए हादसे के बाद सोमवार को पोस्टमॉर्टम हाउस पर बेटे का शव ले जाने को लेकर उसके माता-पिता आमने-सामने आ गए। मां शव को अपने मायके ले जाना चाहती थी, जबकि पिता गोरखपुर स्थित घर ले जाने की जिद कर रहे थे। विवाद बढ़ने पर पुलिस ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को शांत कराया। पोस्टमॉर्टम के बाद पिता शव लेकर गोरखपुर रवाना हो गए।

जानकारी के अनुसार, गोरखपुर जिले के गुलरिहा थाना क्षेत्र के सरैया गांव निवासी बृजेश वर्मा का बेटा अंश अपनी मां के साथ देवरिया के रामगुलाम टोला मोहल्ले में नानी दुर्गा वर्मा के घर रहता था। बताया गया कि अंश के माता-पिता के बीच विवाद चल रहा था। रविवार शाम करीब चार बजे अंश खेलते हुए बरमहिया पोखरी के पास पहुंच गया। इसी दौरान किनारे पर उसका पैर फिसल गया और वह पानी में डूबने लगा। आसपास मौजूद बच्चों ने शोर मचाया तो स्थानीय लोग और परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे। बालक की तलाश शुरू की गई।

पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा शव

करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद गोताखोरों ने जाल की मदद से शाम पांच बजे अंश का शव पोखरी से बाहर निकाला। परिजन उसे तत्काल महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची सदर कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस ने दोनों पक्षों को कराया शांत

सोमवार को पोस्टमॉर्टम के दौरान बृजेश वर्मा परिवार के अन्य सदस्यों के साथ देवरिया पहुंचे। शाम करीब चार बजे बेटे का शव ले जाने को लेकर माता-पिता के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते पोस्टमॉर्टम हाउस पर भीड़ जुट गई और हंगामे की स्थिति बन गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को समझाया और विवाद शांत कराया। पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद करीब साढ़े चार बजे बृजेश वर्मा बेटे का शव लेकर गोरखपुर चले गए।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।