देवरिया में झोपड़ी में आग लगने से तीन की मौत: एक महिला गंभीर रूप से झुलसी, दशहरा मनाकर सोया था परिवार

जिले में दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। भटनी थाना क्षेत्र के नोनापार गांव में रात करीब दो बजे एक झोपड़ी में अचानक आग लग गई। हादसे में 56 वर्षीय बालकिशुन, उनके 32 वर्षीय दामाद जितेंद्र प्रसाद और तीन साल के नाती शनि की मौत हो गई। वहीं, बालकिशुन की बेटी लीला गंभीर रूप से झुलस गईं। उन्हें इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। जिला मुख्यालय से करीब 25 किलोमीटर दूर हुए इस हादसे के समय परिवार दशहरा मनाकर लौटने के बाद झोपड़ी में सो रहा था। आग इतनी तेजी से फैली कि अंदर सो रहे लोगों को संभलने और बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला।
झोपड़ी से आग की लपटें उठती देखकर आसपास के लोगों में भगदड़ मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश शुरू की। कुछ लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए जलती झोपड़ी के भीतर प्रवेश किया और गंभीर रूप से झुलसी लीला को बाहर निकाला। इसी बीच पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई। आग पर काबू पाने के बाद बचाव दल झोपड़ी के अंदर पहुंचा, जहां तीन लोगों के जले हुए शव मिले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई की। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है।
डलिया बनाने का काम करती थीं लीला
परिजनों के मुताबिक, लीला पिछले तीन साल से अपने मायके में रह रही थीं। वह अपने पति जितेंद्र के साथ सूप और डलिया बनाने का काम करती थीं। उनका तीन वर्षीय बेटा शनि भी उनके साथ रहता था। मंगलवार शाम पूरा परिवार दशहरा घूमने गया था। वहां से लौटने के बाद सभी ने खाना खाया और सोने चले गए। बालकिशुन के बेटे रतन ने बताया कि उनके पिता, बहन, बहनोई और भांजा एक ही झोपड़ी में सो रहे थे, जबकि वह पास की दूसरी झोपड़ी में सोया था। आग की लपटें दिखाई देने पर परिवार के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े, लेकिन तब तक तीनों बुरी तरह झुलस चुके थे।
शॉर्ट सर्किट की आशंका
ग्रामीणों की मदद से लीला को पहले भटनी अस्पताल पहुंचाया गया। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार, लीला 60 से 70 प्रतिशत तक झुलस गई हैं। उनकी हालत गंभीर बनी हुई है और इलाज जारी है। उधर, झोपड़ी में आग लगने की वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। शुरुआती आशंका शॉर्ट सर्किट की जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

