देवरिया मेडिकल कॉलेज में जच्चा-बच्चा की मौत की जांच शुरू: 5 सदस्यीय कमेटी तीन दिन में देगी रिपोर्ट, परिजनों ने उठाए थे सवाल

महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज में प्रसव के दौरान महिला और उसके नवजात की मौत के मामले में जांच के आदेश दिए गए हैं। कॉलेज की प्राचार्य डॉ. रजनी पटेल के निर्देश पर मंगलवार को पांच सदस्यीय कमेटी गठित की गई। टीम को तीन दिन के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपनी है। सदर कोतवाली क्षेत्र के मलकौली निवासी राहुल गुप्ता की पत्नी गुड़िया गुप्ता नौ माह की गर्भवती थीं। परिजनों का आरोप है कि प्रसव पीड़ा होने पर उन्हें कई बार मेडिकल कॉलेज लाया गया, लेकिन हर बार वापस भेज दिया गया।
परिजनों के मुताबिक, शनिवार को दोबारा प्रसव पीड़ा होने पर गुड़िया को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। देर रात प्रसव के दौरान महिला और नवजात की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल में हंगामा करते हुए चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाया और मामले की जांच की मांग की।
सीएमएस ने गठित की टीम
प्राचार्य के निर्देश पर सीएमएस डॉ. एचके मिश्रा ने जांच कमेटी गठित की है। डॉ. प्रकाश कुमार को इसका अध्यक्ष बनाया गया है। डॉ. आरके श्रीवास्तव, डॉ. अरुणेश, डॉ. ब्रजभूषण मल्ल और डॉ. माया सिंह सदस्य हैं। कमेटी मामले से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर तीन दिन में रिपोर्ट देगी। इसके बाद जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

