देवरिया में तेज रफ्तार का कहर: ट्रेलर की टक्कर से बाइक सवार की मौके पर ही मौत, वाहन छोड़ चालक फरार

देवरिया|
ट्रेलर की टक्कर से बाइक सवार की मौके पर ही मौत, वाहन छोड़ चालक फरार

जनपद के बरहज थाना क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है, जहां एक बेकाबू और तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार युवक को बेरहमी से कुचल दिया। इस हादसे में युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। दुर्घटना के बाद मौके पर जुटे आक्रोशित ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाते हुए ट्रेलर का पीछा किया और उसे पकड़ लिया, हालांकि अंधेरे का फायदा उठाकर चालक मौके से फरार होने में कामयाब रहा।

मृतक की पहचान बरहज क्षेत्र के बिशनपुरा गांव निवासी दयानंद तिवारी (उम्र 38 वर्ष) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 11 बजे दयानंद अपनी बाइक से बारा दीक्षित चौराहे से होकर घर लौट रहे थे। जैसे ही वह करोहिया गांव स्थित एक निजी विद्यालय के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे एक बेहद तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दयानंद ट्रेलर के पहियों की चपेट में आ गए और घटनास्थल पर ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

ग्रामीणों ने दिखाई बहादुरी, ट्रेलर को दबोचा

हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर इकट्ठा हो गए। युवक को मृत देख लोगों का गुस्सा भड़क उठा। भाग रहे ट्रेलर को देख ग्रामीणों ने हौसला दिखाया और पीछा करके वाहन को घेराबंदी कर पकड़ लिया। इसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी और वाहन को उनके हवाले कर दिया। पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी चालक वाहन छोड़कर भाग निकला था।

परिवार में मचा कोहराम

दयानंद की मौत की खबर जैसे ही उनके घर पहुंची, परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घटनास्थल पर पहुंचे पिता रविंद्र तिवारी अपने जवान बेटे का शव देख सुध-बुध खो बैठे और उनकी आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। वहीं मृतक की पत्नी खुशबू तिवारी और दोनों मासूम बेटों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस हृदयविदारक घटना से पूरे बिशनपुरा और करोहिया गांव में मातम पसरा हुआ है।

फरार चालक की तलाश कर रही पुलिस

पुलिस के अनुसार, सूचना मिलते ही बरहज थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। पुलिस ने ग्रामीणों द्वारा पकड़े गए ट्रेलर को सीज कर दिया है और फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए तलाश तेज कर दी है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।