देवरिया में हाई-वोल्टेज ड्रामा: प्रेमी से शादी की जिद पर मोबाइल टावर पर चढ़ी युवती, दो घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने सुरक्षित उतारा

लार थाना क्षेत्र में एक युवती अपने प्रेमी से शादी करने की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गई। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और टावर के नीचे भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची लार थाना पुलिस ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद युवती को सुरक्षित नीचे उतारा।
यह पूरा घटनाक्रम लार थाना क्षेत्र के पिंडी स्थित केनरा बैंक के पास का है। शुक्रवार की सुबह करीब 10 बजे महाल मंझरिया गांव की रहने वाली एक युवती अचानक यहां लगे मोबाइल टावर पर चढ़ने लगी। जब तक लोग कुछ समझ पाते, वह टावर के काफी ऊपर पहुंच चुकी थी। युवती को टावर पर देख मौके पर अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।
प्रेमी से शादी की जिद पर अड़ी युवती
ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। मौके पर पहुंची लार थाने की पुलिस टीम ने जब युवती से नीचे आने की अपील की, तो उसने उतरने से साफ इनकार कर दिया। युवती की मांग थी कि वह अपने ही गांव के एक युवक से प्रेम करती है और वह सिर्फ उसी से शादी करेगी। उसने अपनी मांग पूरी न होने पर टावर से कूदने की बात भी कही।
अधिकारियों ने लाउडस्पीकर से की युवती से बात
युवती बहुत अधिक ऊंचाई पर थी, जिसके कारण पुलिस के लिए सीधे टावर पर चढ़कर उसे पकड़ना बेहद खतरनाक साबित हो सकता था। पुलिस ने धैर्य से काम लेते हुए लाउडस्पीकर मंगवाया। पुलिस अधिकारियों ने लाउडस्पीकर के जरिए युवती से बात करना शुरू किया और उसे भरोसा दिलाया कि उसकी हर उचित बात सुनी जाएगी और मामले का समाधान निकाला जाएगा।
दो घंटे बाद राहत की सांस
पुलिस के लगातार समझाने-बुझाने और सुरक्षा का आश्वासन मिलने के बाद दोपहर करीब 12 बजे युवती का गुस्सा शांत हुआ। इसके बाद पुलिस टीम स्थानीय लोगों की मदद से उसे सुरक्षित तरीके से टावर से नीचे उतारने में सफल रही। युवती के सुरक्षित नीचे आते ही पुलिस और वहां मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली। सुरक्षित रेस्क्यू करने के बाद पुलिस युवती को पूछताछ और आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए अपने साथ लार थाने ले गई है, जहां उसके परिजनों को भी बुलाया गया है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

