देवरिया में धारदार हथियार से युवक की हत्या: घर के बरामदे में सो रहा था मृतक, पट्टीदार समेत कई लोगों पर आरोप

खुखुंदू थाना क्षेत्र के पिपरा खेमकरण गांव में शनिवार रात घर के बरामदे में सो रहे 21 वर्षीय युवक की धारदार हथियार और रॉड से हमला कर हत्या कर दी गई। गंभीर हालत में परिजन उसे मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, संदीप पुत्र तेज बहादुर पेंटिंग का काम करता था। शनिवार रात करीब 11 बजे वह घर के बाहर बरामदे में सो रहा था। इसी दौरान कुछ लोगों ने उस पर धारदार हथियार और रॉड से हमला कर दिया। हमले में संदीप गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज ले गए, लेकिन चिकित्सक उसकी जान नहीं बचा सके। वारदात के बाद गांव में शोक का माहौल है।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
परिजनों ने पट्टीदारी के एक युवक समेत कुछ अन्य लोगों पर संदीप की हत्या करने का आरोप लगाया है। हालांकि, हमले की वजह और घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं की अभी पुष्टि नहीं हुई है। संदीप दो भाइयों में बड़ा था। उसकी मां का नाम गुद्दी देवी और पत्नी का नाम मुस्कान है। युवक की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया शव
घटना की सूचना मिलने पर खुखुंदू पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों के मुताबिक, मामले की जांच की जा रही है। पुलिस हमले के कारणों का पता लगाने के साथ परिजनों के आरोपों की भी पड़ताल कर रही है। जांच के बाद ही घटना से जुड़े तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

