देवरिया में आपत्तिजनक टिप्पणियों का विरोध पर युवतियों से मारपीट: पांच लोग हुए घायल, तीन आरोपियों पर केस दर्ज

भटनी में युवतियों पर आपत्तिजनक टिप्पणियों का विरोध करने पर मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवकों ने युवतियों और बीच-बचाव करने पहुंचे लोगों को पीट दिया। घटना में पांच लोग घायल हुए हैं। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ छेड़खानी और मारपीट का केस दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार, गांव के कुछ युवक लड़कियों पर फब्तियां कस रहे थे। विरोध किए जाने पर विवाद बढ़ गया। इसके बाद युवकों ने युवतियों और बीच-बचाव करने आए लोगों पर हमला कर दिया। घायलों के सिर और बांह में चोटें आईं। पीड़ित पक्ष ने भटनी थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें महिलाओं के साथ मारपीट होती दिखाई दे रही है।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
सोमवार दोपहर पुलिस ने सतीश पुत्र बीरन, अभय और धीरज पुत्र सच्चिदानंद के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। क्षेत्राधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

