देवरिया में शराब पीकर आए पति का पत्नी से विवाद: गुस्से में युवक ने अपने पेट में घोंपा चाकू, गंभीर हालत में गोरखपुर किया रेफर

लार थाना क्षेत्र के मठिया गांव में घरेलू विवाद के दौरान युवक ने अपने पेट में चाकू मार लिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे तत्काल महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज, देवरिया लेकर पहुंचे। यहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए बाबा राघव दास मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर रेफर कर दिया।
घायल गुड्डू कुमार मठिया गांव का निवासी है। वह बलिंदर राजभर का पुत्र है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, गुड्डू के शराब पीकर घर आने को लेकर परिवार में अक्सर विवाद होता था। वह शराब पीकर घर पहुंचा। इस पर पत्नी ने आपत्ति जताई, जिसके बाद दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
सब्जी काटने वाले चाकू से खुद पर किया वार
बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने के दौरान गुड्डू ने घर में सब्जी काटने के लिए इस्तेमाल होने वाला चाकू उठाया और अपने पेट पर वार कर लिया। इससे उसके पेट में गहरा घाव हो गया और वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। घटना के बाद परिजनों में भगदड़ मच गई।
मेडिकल कॉलेज में प्राथमिक उपचार के बाद रेफर
परिजन घायल गुड्डू को लेकर देवरिया मेडिकल कॉलेज पहुंचे। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत नाजुक होने के कारण उसे गोरखपुर रेफर कर दिया। फिलहाल उसका बेहतर इलाज कराने की तैयारी की गई है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

