देवरिया में प्रतिमा विसर्जन को लेकर सुरक्षा सख्त: डीएम-एसपी ने घाटों का लिया जायजा, तय मार्गों से विसर्जन कराने की अपील

जिले में दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार दोपहर करीब एक बजे जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी और पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर ने लार थाना क्षेत्र के महरौना पुल स्थित मेहरौनाघाट का संयुक्त निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और यातायात की स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित विभागों को जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने घाट पर पर्याप्त रोशनी, साफ-सफाई और मजबूत बैरिकेडिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। गहरे पानी और जोखिम वाले स्थानों को चिह्नित कर वहां श्रद्धालुओं की आवाजाही रोकने के भी निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने विसर्जन स्थल पर प्रशिक्षित गोताखोरों और आवश्यक बचाव उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल मदद पहुंचाने के लिए व्यवस्था तैयार रहनी चाहिए। पुलिस और राजस्व विभाग की टीमें आपसी समन्वय के साथ घाटों पर निगरानी करें। अधिकारियों ने प्रवेश और निकास मार्गों को व्यवस्थित रखने तथा अनावश्यक भीड़ जमा नहीं होने देने के निर्देश भी दिए, ताकि विसर्जन के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो।
गलत पार्किंग पर रोक लगाने को कहा
यातायात व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अधिकारियों ने विसर्जन मार्गों को अवरोधमुक्त रखने और गलत पार्किंग पर रोक लगाने को कहा। पुलिसकर्मियों और संबंधित अधिकारियों को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी गई। पूजा समितियों से निर्धारित मार्गों का इस्तेमाल करने और चिह्नित घाटों पर ही प्रतिमाओं का विसर्जन कराने की अपील की गई। श्रद्धालुओं से गहरे पानी में नहीं उतरने और सुरक्षा नियमों का पालन करने का अनुरोध किया गया। निरीक्षण के दौरान एसडीएम क्षितिज द्विवेदी, क्षेत्राधिकारी गौरव सिंह, प्रभारी निरीक्षक निर्भय सिंह और मेहरौना चौकी प्रभारी विवेक चतुर्वेदी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

