देवरिया में कॉलेज के बाथरूम के पास मिली बेहोश छात्रा: गोरखपुर ले जाते समय हुई मौत, जहरीला पदार्थ खाने की आशंका

बाबा राघव दास पीजी कॉलेज में बीएससी की 22 वर्षीय छात्रा बेहोशी की हालत में मिली। कॉलेज कर्मचारी उसे मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने गोरखपुर रेफर कर दिया। हालांकि, रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। बेटी की मौत की खबर सुनकर अस्पताल पहुंची मां शव देखकर बेसुध हो गईं। छात्रा के पास एक पैकेट मिलने की बात सामने आई है, जिसमें जहरीला पदार्थ होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
खुखुंदू थाना क्षेत्र के बरहरा गांव निवासी हरीश चंद्र यादव दुबई में नौकरी करते हैं। उनकी बड़ी बेटी संजना देवरिया के बाबा राघव दास पीजी कॉलेज में बीएससी गणित द्वितीय वर्ष की छात्रा थी। वह रोजाना करीब 28 किलोमीटर दूर से बस से कॉलेज आती थी। परिजनों के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब नौ बजे वह घर से निकली थी। दिनभर कक्षाओं में शामिल होने और दोस्तों से बातचीत के बाद वह बाथरूम की ओर गई, लेकिन वापस नहीं लौटी। दोपहर करीब तीन बजे कॉलेज के चपरासी ने उसे जमीन पर बेहोश पड़ा देखा और कार्यवाहक प्राचार्य हरिगोविंद राव को सूचना दी।
छात्रा के पास मिला पैकेट
कॉलेज प्रशासन छात्रा को मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचा। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे गोरखपुर रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव को देवरिया मेडिकल कॉलेज लाया गया, जहां सूचना मिलने पर मां, छोटी बहन और भाई पहुंचे। बताया जा रहा है कि छात्रा के पास मिले पैकेट को शिक्षकों ने पुलिस के हवाले कर दिया। घटना के समय कॉलेज परिसर में 200 से अधिक छात्र-छात्राएं और 100 से ज्यादा शिक्षक व कर्मचारी मौजूद थे।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई
कॉलेज के प्राचार्य पीएन सिंह ने बताया कि वह छुट्टी लेकर गोरखपुर विश्वविद्यालय गए थे। इसी दौरान उन्हें छात्रा की मौत की सूचना मिली। कोतवाल शशिभूषण राय के मुताबिक, शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया गया है। आज शव का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। मौत के कारणों का पता रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

