देवरिया में संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत: पंखे से लटका मिला शव, ससुरालियों पर दहेज हत्या का लगा आरोप

चौबरिया पट्टी गांव में 25 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव कमरे में पंखे से दुपट्टे के सहारे लटका मिला। पति उसे मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है।
मृतका की पहचान सुमन कुमारी, पत्नी भोला प्रसाद के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, भोला प्रसाद घर से बाहर गया था। लौटने पर उसने कमरे में सुमन को फंदे से लटका देखा। इसके बाद वह तत्काल उसे अस्पताल ले गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मायके पक्ष की ओर से दहेज हत्या का आरोप लगाए जाने के बाद मामले की जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और परिजनों की शिकायत के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल विवाहिता की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

