देवरिया में पैमाइश करने गए लेखपाल पर हमला: प्रॉपर्टी डीलर ने कार्रवाई का किया विरोध, दो लोग हिरासत में

देवरिया जिले के खुखुंदू थाना क्षेत्र के मुसैला खुर्द गांव में भूमि विवाद की पैमाइश करने पहुंचे लेखपाल पर कथित रूप से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। राजस्व विभाग की टीम जब विवादित भूमि की नाप-जोख करने पहुंची, तभी एक पक्ष ने कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि लेखपाल के साथ मारपीट की गई। घटना में लेखपाल घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और राजस्व विभाग के सीनियर अफसर मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दो लोगों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी मीना देवी ने तहसील प्रशासन से शिकायत की थी। भूमि का बैनामा होने के बावजूद उन्हें संबंधित जमीन का कब्जा नहीं मिल सका है। शिकायत के निस्तारण के लिए राजस्व विभाग ने पैमाइश कराने का निर्णय लिया था। इसी क्रम में क्षेत्रीय लेखपाल ओमप्रकाश मौर्य रविवार को राजस्व टीम के साथ गांव पहुंचे थे। टीम जैसे ही भूमि की पैमाइश की प्रक्रिया शुरू करने लगी, तभी विरोध शुरू हो गया। आरोप है कि संबंधित प्रॉपर्टी डीलर ने कार्रवाई का विरोध करते हुए अपने समर्थकों को मौके पर बुला लिया। इसके बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। जानकारी के मुताबिक विवाद के दौरान कुछ लोगों ने लेखपाल के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की। जिससे वह घायल हो गए। आरोप यह भी है कि बीच-बचाव करने पहुंची महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार किया गया।
अधिकारियों ने किया मौके का निरीक्षण
घटना की सूचना मिलते ही तहसीलदार अलका सिंह, नायब तहसीलदार गोपालजी समेत राजस्व विभाग के अन्य अधिकारी गांव पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। घटना को लेकर राजस्व विभाग के कर्मचारियों में नाराजगी देखी जा रही है। अधिकारियों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। खुखुंदू थाना प्रभारी राहुल कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर भेजी गई थी। दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। तहरीर मिलने के बाद संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे घटनाक्रम की गहन जांच कर रही है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









