देवरिया में पुलिस और गौ-तस्करों में मुठभेड़: जवाबी कार्रवाई में आरोपी के बांए पैर में लगी गोली, दूसरा साथी मौके से फरार

देवरिया|
सेव सूची

भलुअनी थाना क्षेत्र में मंगलवार तड़के पुलिस और गो-तस्करी के आरोपियों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बिहार के गोपालगंज निवासी 20 वर्षीय वांछित आरोपी हेमराज यादव के बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं, उसका साथी जयसराज यादव अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।

अपर पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार सिंह के अनुसार, भलुअनी पुलिस को गो-तस्करी के मामले में वांछित अभियुक्तों के क्षेत्र में होने की सूचना मिली थी। मंगलवार भोर में बेलडाड़ रोड पर चेकिंग और घेराबंदी के दौरान पुलिस टीम ने एक बाइक पर सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया। खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें हेमराज यादव के बाएं पैर में गोली लगी और वह वहीं गिर पड़ा।

अस्पताल में भर्ती आरोपी

घायल आरोपी हेमराज को प्राथमिक उपचार के बाद महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज, देवरिया में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने घटनास्थल से, एक मोटरसाइकिल, एक अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस और एक खाली खोखा बरामद किया हैं।

आरोपियों का आपराधिक इतिहास और पुलिस की कार्रवाई

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी हेमराज यादव पर देवरिया के भटनी और भलुअनी थानों में पहले से ही गो-तस्करी और गोवध निवारण अधिनियम सहित कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस टीम पर हमला करने और अवैध हथियार रखने के आरोप में भलुअनी थाने में बीएनएस की धारा और आर्म्स एक्ट के तहत एक और प्राथमिकी दर्ज की गई है। मुठभेड़ के दौरान फरार हुए दूसरे आरोपी जयसराज यादव की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।