देवरिया में युवती को ट्रक में बैठाकर रेप करने का आरोप: घर से नाराज होकर खड़ी थी सड़क किनारे, हिरासत में चालक-खलासी

सलेमपुर कोतवाली क्षेत्र में एक युवती ने ट्रक चालक पर बहलाकर अपने वाहन में बैठाने और रेप करने का आरोप लगाया है। युवती की शिकायत पर पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज की। युवती के मुताबिक, घटना बलरामपुर जिले के कोतवाली देहात क्षेत्र की है। मामला दूसरे जिले का होने के कारण सलेमपुर पुलिस ने केस संबंधित थाने को भेज दिया है। पुलिस ने ट्रक चालक सामून और खलासी वकील को वाहन समेत हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।
युवती ने पुलिस को बताया कि वह बलरामपुर के कोतवाली देहात क्षेत्र में अपने घर से नाराज होकर सड़क किनारे खड़ी थी। इसी दौरान एक ट्रक चालक ने उससे बातचीत की और बहलाकर अपने ट्रक में बैठा लिया। युवती का आरोप है कि कुछ दूरी तय करने के बाद चालक ने ट्रक खलासी को चलाने के लिए दे दिया। इसके बाद चालक ने उसके साथ रेप किया।
चाय पीने के दौरान ट्रक से उतरी
युवती के अनुसार, सुबह ट्रक देवरिया के सलेमपुर पहुंचा। यहां चालक ने ट्रक रोककर चाय पीने के लिए उतर गया। इसी दौरान युवती को मौका मिला और वह ट्रक से बाहर निकल गई। उसने आसपास मौजूद लोगों से मदद मांगी और सीधे सलेमपुर कोतवाली पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी।
जीरो FIR दर्ज कर मामला भेजा
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने ट्रक चालक सामून और खलासी वकील को ट्रक समेत कोतवाली बुलाया और दोनों से पूछताछ की। पुलिस उनके पते और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस के मुताबिक, युवती ने घटना बलरामपुर जिले की बताई है। क्षेत्राधिकार बलरामपुर का होने के कारण सलेमपुर पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज कर केस संबंधित थाने को भेज दिया है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।










