देवरिया में पेड़ गिरने से टूटी ओवरहेड लाइन: 5 घंटे ठप रहा देवरिया रूट, अवध-असम ट्रेन का बदला मार्ग

गोरखपुर-छपरा रेलखंड पर अलग-अलग स्थानों पर पेड़ गिरने से करीब पांच घंटे तक ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहा। बैतालपुर डिपो के पास डाउन लाइन पर पेड़ गिरने से 25 हजार वोल्ट की ओवरहेड बिजली लाइन टूट गई। तार टूटने के बाद आग भी लग गई। इसके बाद औरा चौरी के पास ट्रैक पर पेड़ गिर गया। दोनों घटनाओं के बाद रेलवे कर्मचारी और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और ट्रैक व विद्युत व्यवस्था को बहाल करने में जुट गई।
ओवरहेड बिजली लाइन क्षतिग्रस्त होने के बाद रेल संचालन रोकना पड़ा। बारिश के बीच टूटे तार को जोड़ने और बिजली आपूर्ति बहाल करने में कर्मचारियों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा। करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद बिजली सप्लाई शुरू हो सकी। इसके बाद ट्रेनों का परिचालन सामान्य किया गया। इस दौरान मथुरा एक्सप्रेस, वैशाली एक्सप्रेस, गोरखपुर-पुणे एक्सप्रेस, हावड़ा एक्सप्रेस और मुंबई-लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस समेत आधा दर्जन से अधिक ट्रेनें अलग-अलग स्टेशनों पर रोकनी पड़ीं। इससे यात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ा।
दो ट्रेनें निरस्त
रेलवे के अनुसार 651016 अयोध्या-भटनी डेमो और 13508 आसनसोल एक्सप्रेस निरस्त कर दी गईं। वहीं 15909 अवध-असम एक्सप्रेस छपरा से बाराबंकी के रास्ते अपने गंतव्य तक जाएगी। यह ट्रेन देवरिया स्टेशन नहीं आएगी। परिचालन प्रभावित होने से देवरिया और आसपास के स्टेशनों के यात्रियों को परेशानी हुई।
कई ट्रेनें घंटों देरी से चलीं
15034 लखनऊ-पाटलिपुत्र एक्सप्रेस करीब नौ घंटे, 15566 वैशाली सुपरफास्ट करीब 10 घंटे, 14617 जनसेवा एक्सप्रेस 30 मिनट, 15106 नौतनवा-छपरा एक्सप्रेस करीब ढाई घंटे और 55055 सवारी गाड़ी करीब एक घंटा 25 मिनट लेट रही। 13020 बाघ एक्सप्रेस करीब आठ घंटे, 13019 बाघ एक्सप्रेस पांच घंटे 20 मिनट, 15110 मथुरा-छपरा एक्सप्रेस आठ घंटे, 11038 पूर्णा साप्ताहिक एक्सप्रेस करीब तीन घंटे 55 मिनट, 12166 एलटीटी सुपरफास्ट करीब तीन घंटे 50 मिनट और 14692 मौर्य ध्वज एक्सप्रेस करीब आठ घंटे देरी से चली। 15033 पाटलिपुत्र-लखनऊ एक्सप्रेस करीब नौ घंटे लेट रही। रेलवे टीमों ने ट्रैक और ओवरहेड लाइन से पेड़ हटाकर परिचालन बहाल किया।










