देवरिया में दो युवकों का मर्डर: धारदार हथियार से हमले के बाद फेंके शव, लार से घर लौट रहे थे दोनों

देवरिया|
धारदार हथियार से हमले के बाद फेंके शव, लार से घर लौट रहे थे दोनों

मईल थाना क्षेत्र में दो दोस्तों की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। दोनों लार में दशहरा मेला देखने के लिए घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। बढ़या हरदो के पास रामजानकी मार्ग पर उनके शव मिलने की सूचना से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतकों की पहचान कर्म गांव निवासी वकील यादव और ईटहुरा हजाम निवासी विनय यादव के रूप में हुई है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, विनय के शरीर पर चाकू के करीब आठ घाव मिले हैं। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं है और पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी है।

माल थाना क्षेत्र के कर्म गांव निवासी वकील यादव रेलवे में चतुर्थ श्रेणी यानी ग्रुप डी कर्मचारी थे। उनकी तैनाती लार रोड रेलवे स्टेशन पर थी। मंगलवार को ड्यूटी करने के बाद वह घर पहुंचा था। उनकी पत्नी कौशल्या के मुताबिक, रात में विनय यादव ने फोन कर वकील को लार में दशहरा मेला देखने चलने के लिए बुलाया। इसके बाद दोनों एक ही बाइक से घर से निकल गए। देर रात पुलिस ने परिजनों को फोन कर दोनों की हत्या की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिवारों में कोहराम मच गया। विनय की पत्नी रिंकी ने भी पुलिस के फोन के बाद घटना की जानकारी मिलने की बात कही। दोनों पर हमला कब और किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है।

जीडीए में नौकरी करता था विनय

ईटहुरा हजाम निवासी 35 वर्षीय विनय यादव गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) में नौकरी करता था। वह दशहरे के अवसर पर शनिवार को घर आया था। परिवार में पत्नी रिंकी और दो बेटे विवेक व अभिषेक हैं। उनकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं, वकील यादव भी परिवार की जिम्मेदारी संभाल रहा था। उनके परिवार में पत्नी कौशल्या, बेटियां अक्षशा, अंकिता और काजू तथा बेटा आदर्श हैं। दोनों की हत्या से दो परिवारों में मातम छा गया है। परिजन वारदात की वजह सामने आने और आरोपियों की गिरफ्तारी का इंतजार कर रहे हैं।

एसपी ने मौके पर पहुंचकर की जांच

दोहरी हत्या की सूचना पर पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर देर रात घटनास्थल पर पहुंचे और निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को जांच में तेजी लाने के निर्देश दिए। मामले के खुलासे के लिए तीन पुलिस टीमें गठित की गई हैं। पुलिस आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है। जांच के तहत यह पता लगाया जा रहा है कि दोनों युवकों की किसी से रंजिश थी या हत्या के पीछे कोई दूसरा कारण था। पुलिस वारदात से पहले और बाद की गतिविधियों की जानकारी भी जुटा रही है। फिलहाल, हत्या की वजह और आरोपियों के बारे में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।