देवरिया में सियार ने आठ लोगों को काटा: घर में घुसकर बच्चों को बनाया निशाना, मेडिकल कॉलेज में चल रहा घायलों का इलाज

सदर कोतवाली क्षेत्र के भीमपुर गौरा गांव में सियार के हमले से अफरा-तफरी मच गई। गांव में घुसे सियार ने दो बच्चों समेत आठ लोगों को काटकर घायल कर दिया। हमले के दौरान उसने घर के अंदर घुसकर बच्चों को निशाना बनाया, जबकि दरवाजे पर बैठे लोगों को दौड़ाकर काट लिया। सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
ग्रामीणों के मुताबिक, सियार अचानक गांव में पहुंचा और लोगों पर हमला करने लगा। घर के अंदर मौजूद बच्चों को काटने के बाद उसने दरवाजे के पास बैठे लोगों को भी दौड़ाया। हमले से घबराए ग्रामीण जान बचाने के लिए घरों की ओर भागने लगे। कुछ देर तक दहशत फैलाने के बाद सियार गांव से निकलकर खेतों की तरफ चला गया। उसके जाने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
चार अन्य लोग भी हुए घायल
घायलों में फूलमती देवी (65), कृष्ण प्रजापति (11), शुभम पासवान (5) और मोनू प्रसाद (24) शामिल हैं। फूलमती देवी स्वर्गीय गुलाब प्रजापति की पत्नी हैं। कृष्ण प्रजापति, नरसिंह प्रजापति के बेटे हैं, जबकि शुभम पासवान, सुग्रीव पासवान के पुत्र हैं। मोनू प्रसाद स्वर्गीय बीरबल प्रसाद के बेटे हैं। इनके अलावा चार अन्य लोग भी घायल हुए हैं। सभी आठ लोगों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। अन्य घायलों के नाम और उनकी स्थिति की विस्तृत जानकारी नहीं मिल सकी है।
वन विभाग की कार्रवाई का इंतजार
घटना के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल है। लोगों को आशंका है कि सियार दोबारा गांव में घुसकर हमला कर सकता है। ग्रामीणों को अब वन विभाग की कार्रवाई और सियार को पकड़ने के संबंध में जानकारी का इंतजार है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

