देवरिया में पैमाइश के दौरान किसान की मौत: परिजनों ने एसडीएम पर लगाया आरोप, 4 घंटे तक किया हंगामा

रुद्रपुर थाना क्षेत्र के पिड़हनी गांव में रास्ते से जुड़े भूमि विवाद की पैमाइश के दौरान एक किसान की तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए एसडीएम की सरकारी गाड़ी के सामने बॉडी रखकर करीब चार घंटे तक प्रदर्शन किया। प्रशासन की ओर से आर्थिक सहायता और अन्य मांगों पर कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद धरना समाप्त हुआ। फिलहाल पुलिस ने बॉडी को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, पिड़हनी गांव में रास्ते को लेकर आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई गई थी। इसी मामले में शिकायतकर्ता बैजनाथ यादव और दूसरे पक्ष के सर्वजीत यादव के बीच विवादित भूमि की पैमाइश कराने के लिए राजस्व विभाग की टीम गांव पहुंची थी। माप-जोख की कार्रवाई चल रही थी। इसी दौरान सर्वजीत यादव की अचानक तबीयत बिगड़ गई और वह मौके पर ही गिर पड़े। उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रुद्रपुर ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
प्रशासन ने कही जांच की बात
किसान की मौत के बाद परिजनों ने आरोप लगाया कि पैमाइश के दौरान बरहज के एसडीएम अवधेश निगम ने सर्वजीत यादव को डांटा-फटकारा। इससे वह मानसिक रूप से आहत हो गए और उनकी तबीयत बिगड़ गई। हालांकि प्रशासन ने इन आरोपों की पुष्टि नहीं की है। प्रशासन ने पूरे मामले की जांच कराने की बात कही है।
आश्वासन के बाद खत्म हुआ प्रदर्शन
घटना से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने बॉडी को एसडीएम की सरकारी गाड़ी के सामने रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना पर पुलिस, राजस्व विभाग और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने मृतक परिवार को आर्थिक सहायता और कब्जे वाली भूमि का पट्टा देने की मांग की। करीब चार घंटे तक चले विरोध के बाद प्रशासन ने दुर्घटना सहायता के तहत पांच लाख रुपये दिलाने तथा भूमि संबंधी मामले में नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद रात करीब 10 बजे प्रदर्शन समाप्त हो गया।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









