देवरिया में राप्ती की धारा में उठा पानी का चक्रवात: 15 मिनट तक गोल-गोल घूमता रहा बवंडर, टला बड़ा नुकसान
बाढ़ के बीच राप्ती नदी की धारा में अचानक पानी का चक्रवात दिखाई देने से भदिला प्रथम गांव के ग्रामीणों में हलचल मच गई। नदी की परिवर्तित धारा में पानी तेजी से गोलाकार घूमने लगा। इस दौरान पानी की ऊंची लहरें घुमावदार तरीके से उठती रहीं और तेज आवाज भी सुनाई दी। करीब 15 मिनट तक बनी इस स्थिति को देखकर आसपास मौजूद लोग नदी किनारे पहुंच गए। कुछ देर के लिए ग्रामीणों में किसी अनहोनी की आशंका को लेकर चिंता बढ़ गई।
ग्रामीणों के मुताबिक पानी का यह चक्रवात सामान्य लहरों से बिल्कुल अलग नजर आ रहा था। नदी के पानी में तेज गति से गोलाकार घुमाव बन रहा था और लहरें काफी ऊंचाई तक उठ रही थीं। राहत की बात यह रही कि जिस समय यह स्थिति बनी, उस दौरान कोई नाव चक्रवाती धारा की चपेट में नहीं आई। ग्रामीणों का कहना है कि यदि कोई नाव उस समय इस तेज घुमाव में फंस जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
मोबाइल कैमरों में कैद हुआ नजारा
घटना के दौरान कुछ ग्रामीणों ने अपने मोबाइल फोन से पानी के चक्रवात का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। वीडियो में नदी के पानी का तेज गति से गोलाकार घूमना और ऊंची लहरें उठती हुई दिखाई दे रही हैं। मंगलवार को यह वीडियो सामने आने के बाद इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने लगा। इसके बाद राप्ती की धारा में बने इस असामान्य नजारे की इलाके में चर्चा होने लगी।
नुकसान की कोई सूचना नहीं
ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने इससे पहले नदी में पानी का ऐसा स्वरूप नहीं देखा था। बाढ़ के बीच नदी की धारा में अचानक हुए इस बदलाव ने लोगों को जरूर चिंतित किया, लेकिन घटना के दौरान किसी व्यक्ति के घायल होने या किसी अन्य नुकसान की सूचना नहीं है। करीब 15 मिनट बाद पानी की यह चक्रवाती स्थिति समाप्त हो गई।











