देवरिया मेडिकल कॉलेज में तीमारदार से मारपीट: लाठी लेकर सड़क पर दौड़ाकर किया हमला, दो घंटे तक चला हंगामा

देवरिया|

जिले के महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज में इलाज को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट तक पहुंच गया। ट्रॉमा सेंटर में तीमारदार, मेडिकल स्टाफ और छात्रों के बीच विवाद के बाद मारपीट हुई। आरोप है कि मेडिकल कॉलेज से जुड़े लोगों ने तीमारदार सचिदानंद को लाठी लेकर सड़क तक दौड़ाया और उसकी पिटाई की। इस दौरान उसका सिर फट गया। घटना के बाद करीब दो घंटे तक हंगामा चलता रहा। पुलिस ने मौके से एक बाइक जब्त कर एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। दोनों पक्षों की ओर से सदर कोतवाली में शिकायत दी गई है।

सदर कोतवाली क्षेत्र के पिपरा चंद्रभान गांव निवासी सचिदानंद अपनी सास का इलाज कराने ट्रॉमा सेंटर पहुंचे थे। जांच और उपचार को लेकर उनकी मेडिकल स्टाफ से बहस हो गई। सचिदानंद का आरोप है कि स्टाफ ने इलाज में लापरवाही की और विरोध करने पर उनके साथ बदसलूकी की गई। इसके बाद विवाद बढ़ गया और मारपीट की स्थिति बन गई।

लाठी लेकर सड़क तक दौड़ाया

आरोप है कि कुछ लोग लाठी लेकर इमरजेंसी पहुंचे और सचिदानंद की पिटाई शुरू कर दी। वह बचने के लिए सड़क की ओर भागे, लेकिन हमलावर उन्हें लाठी लेकर दौड़ाते रहे। इसी दौरान रास्ते से गुजर रहे किसी व्यक्ति ने घटना का वीडियो बना लिया। सामने आए वीडियो में मेडिकल कॉलेज के छात्र मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा।

जांच में जुटी पुलिस

मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य डॉ. रजनी पटेल ने ट्रॉमा सेंटर में मारपीट की जानकारी होने की बात कही। उनका कहना है कि कुछ लोगों ने स्टाफ के साथ बदसलूकी की थी और मामले की जांच की जा रही है। सीओ सिटी संजय कुमार रेड्डी ने बताया कि दोनों पक्षों ने कोतवाली में शिकायत दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।