देवरिया के बैंक में युवक ने मचाया तांडव: डंडे से तोड़े काउंटर, पुलिस ने हाथ पैर बांधकर निकाला बाहर
रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के बरवामीर छापर स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में शनिवार दोपहर एक युवक के अचानक हंगामा करने से अफरा-तफरी मच गई। युवक डंडा लेकर बैंक के अंदर पहुंचा और कांच के काउंटरों पर लगातार प्रहार करने लगा। इससे कर्मचारी और ग्राहक घबरा गए। रुपये निकालने के लिए लाइन में खड़े लोग भी डरकर बाहर निकल आए। करीब एक घंटे तक बैंक में हंगामे की स्थिति बनी रही। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने बैंककर्मियों और सुरक्षाकर्मियों की मदद से युवक को काबू किया। इसके बाद उसके हाथ-पैर बांधकर शाखा से बाहर निकाला गया। पुलिस के मुताबिक युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ है और उसका इलाज चल रहा है।
घटना शनिवार दोपहर करीब दो बजे की है। जानकारी के अनुसार, युवक बैंक में दाखिल होने के बाद अचानक डंडे से कांच के काउंटर तोड़ने लगा। उसके आक्रामक रवैये को देखकर कर्मचारी अपनी जगह छोड़कर बाहर निकल गए। बैंक में मौजूद ग्राहकों में भी दहशत फैल गई और कई लोग तत्काल बाहर आ गए। बैंककर्मियों तथा ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मी ने युवक को रोकने की कोशिश की, लेकिन वह लगातार हंगामा करता रहा। पुलिस को सूचना देने के बाद टीम मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद युवक को नियंत्रित किया।
वीडियो में दिखा काउंटर पर डंडा चलाता युवक
वीडियो के एक हिस्से में युवक बैंक के भीतर कांच के काउंटर पर डंडा चलाता दिखाई दे रहा है। दूसरे हिस्से में पुलिस की मौजूदगी में बैंककर्मी और सुरक्षाकर्मी उसे पकड़कर बाहर ले जाते नजर आ रहे हैं। हालांकि, वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
मानसिक रूप से अस्वस्थ है युवक
क्षेत्राधिकारी नगर संजय कुमार रेड्डी ने बताया कि घटना के संबंध में अभी तक पुलिस को कोई शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के अनुसार युवक की पहचान मोहम्मद आरिफ पुत्र हसनैन निवासी शामपुर थाना रामपुर कारखाना के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि आरिफ मानसिक रूप से अस्वस्थ है और उसका इलाज गोरखपुर के मानसिक रोग विशेषज्ञ से चल रहा है। ग्राम प्रधान और परिजनों से जानकारी लेने के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उसे सकुशल घर पहुंचा दिया गया। पुलिस के मुताबिक घटना के बाद क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की कोई समस्या नहीं है।











