देवरिया में युवक की हत्या: चाकू से किया गर्दन, पीठ और कमर पर आठ वार, सामुदायिक शौचालय के पास छोड़कर फरार
देवरिया जिले के भलुअनी नगर पंचायत में एक युवक की चाकू से गोदकर निर्मम हत्या कर दी गई। दो बाइक से आए चार बदमाशों ने युवक पर चाकुओं से आठ बार प्रहार किया। उसके बाद युवक को सामुदायिक शौचालय के पास छोड़कर फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल युवक को परिजन पहले भलुअनी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। हालत नाजुक होने पर उसे देवरिया मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जिला मुख्यालय से लगभग 14 किमी दूर, भलुअनी थाना क्षेत्र के नगर पंचायत भलुअनी के वार्ड नंबर 13 निवासी मनीष सिंह (23) पुत्र प्रेम सिंह अपने दोस्तों के साथ बाहर घूमने निकला था। तभी अचनाक दो बाइक पर सवार चार बदमाशों ने उसपर हमला कर दिया। उन्होंने मनीष को पहले पीटा फिर चाकुओं से उसके गर्दन, सीने और पेट पर आठ बार हमला किया। इसके बाद घर से एक किमी दूर खाद गोदाम के सामुदायिक शौचालय के पास उसे लहूलुहान हालत में छोड़कर फरार हो गए।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मनीष को तत्काल भलुअनी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे देवरिया स्थित महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। परिजन आनन-फानन में उसे मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मनीष घर पर रहकर पिता के साथ खेती-किसानी का काम देखता था। वह तीनों भाइयों में सबसे छोटा था।
पहले भी हो चुकी है हमले की कोशिश
मृतक के बड़े भाई मोनू सिंह ने बताया कि मनीष की जान लेने की पहले भी कोशिश की जा चुकी थी। उनका आरोप है कि इस वारदात में शामिल एक बदमाश वांछित अपराधी है और पुलिस काफी समय से उसकी तलाश कर रही है। परिजनों के अनुसार, उन्होंने एक सितंबर को ही इस संबंध में भलुअनी थाने में सूचना दी थी। मनीष को पहले से खतरा था और इसकी जानकारी पुलिस को दी गई थी। इसके बावजूद अब उसकी चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा है। पुलिस मामले की जांच और आरोपियों की तलाश में जुटी है।
पुलिस के अनुसार
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी रंजना सचान ने बताया कि मनीष पुत्र प्रेम सिंह 23 अपने मित्रों के साथ घुमने गया था। इसी दौरान आपस में किसी बात को लेकर विवाद दो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोस्तों ने उसपर चाकुओं से वार कर दिया । मृतक के भाई ने सूचना मिलने पर तुंरत मेडिकल कालेज लेकर पहुंचे, जहां डाक्टरो ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दा दिया है। तहरीर मिलने पर विधिक कारवाई की जाएगी।











