देवरिया में पेड़ से टकराई स्कूल वैन: तीन बच्चों समेत चालक गंभीर रूप से घायल, दरवाजा काटकर निकाला बाहर
महुआडीह थाना क्षेत्र के लीलापुर चौराहा पर बच्चों को लेकर देवरिया शहर के यूनिवर्सल पब्लिक स्कूल की एक वैन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी वैन के परखच्चे उड़ गए। हादसे में चार लोग घायल हो गए। मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों ने पुलिस को मामले की सूचना दी। ग्राइंडर मशीन मंगाकर वैन के दरवाजे को काटकर गंभीर रूप से घायल चालक और तीन बच्चों को बाहर निकाला गया।
बताया जा रहा है कि लीलापुर चौराहा स्थित पेट्रोल पंप से तेल भरवाने के बाद जैसे ही वैन थोड़ी दूर आगे बढ़ी, चालक को अचानक झपकी आ गई। इस वजह से उसने गाड़ी पर से नियंत्रण खो दिया और वैन सीधे पेड़ में जा घुसी। टक्कर के बाद चालक का पैर गाड़ी के गेट में बुरी तरह फंस गया और वह अंदर ही फंस गया। मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत से गैलेंडर मशीन मंगाकर वैन का दरवाजा काटा गया और चालक को बाहर निकाला जा सका।
अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकराई वैन
वैन चालक राकेश यादव सुबह बच्चों को लेने निकला था। बरवा मानसिंह की नंदनी सिंह कक्षा 9, देवरिया गांव की निधि गोंड कक्षा 11 और गोठा रसूलपुर के अनुराग यादव कक्षा 10 को लेकर लौट रहा था। सुबह सवा आठ बजे के करीब महुआडीह थानाक्षेत्र के लीलापुर गांव के पास देवरिया - हाटा मुख्य मार्ग पर पहुंचा था कि तभी बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जाकर टकराई।
पैर और सिर पर आई गंभीर चोटें
हादसे में बच्चे घायल हुए हैं ,जिनमें से दो छात्राओं को हाथ, पैर और सिर में गंभीर चोटें आई हैं। गंभीर रूप से घायल चालक और दोनों छात्राओं को तुरंत इलाज के लिए महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज, देवरिया भेजा गया। अन्य बच्चों को प्राथमिक उपचार देने के बाद उनके परिजनों के साथ सुरक्षित घर भेज दिया गया है। पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर ट्रैक्टर की मदद से क्षतिग्रस्त वैन को पेड़ से हटवाया और मामले की जांच शुरू कर दी है।











