तत्काल टिकट की लाइन में युवक से मारपीट: हमले में टूटा हाथ, जीआरपी जवान भी घायल

देवरिया|

भाटपाररानी रेलवे स्टेशन पर तत्काल टिकट बनवाने को लेकर विवाद हिंसक हो गया। लाइन में खड़े एक युवक के साथ कथित तौर पर कुछ युवकों ने जमकर मारपीट कर दी। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसका हाथ टूट गया। वहीं, बीच-बचाव करने पहुंचे जीआरपी के एक हेड कांस्टेबल भी हमलावरों की हिंसा का शिकार हो गए। पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद रेलवे स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।

जानकारी के अनुसार, रोहित कुशवाहा नामक युवक भाटपाररानी रेलवे स्टेशन के आरक्षण काउंटर पर तत्काल टिकट लेने के लिए लाइन में खड़ा था। आरोप है कि इसी दौरान कुछ कथित टिकट दलाल वहां पहुंचे। युवक पर लाइन से हटने का दबाव बनाने लगे। जब रोहित ने इसका विरोध किया तो विवाद बढ़ गया। देखते ही देखते तीन युवकों ने उसे घेर लिया। स्टेशन परिसर में ही लात-घूंसों से उसकी पिटाई शुरू कर दी। हमलावरों ने युवक को घसीटते हुए बेरहमी से पीटा। जिससे उसका हाथ टूट गया। मारपीट के दौरान स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और यात्री दहशत में आ गए।

जीआरपी जवान की अंगुली काटकर फरार हुए आरोपी

घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी और रेलवे कर्मी मौके पर पहुंचे। बीच-बचाव के दौरान एक हमलावर ने जीआरपी के हेड कांस्टेबल की अंगुली को दांत से काट लिया। जिससे वह भी घायल हो गए। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

जांच में जुटी पुलिस

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, स्टेशन पर सक्रिय कथित टिकट दलालों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।