अमेरिकी मिसाइल हमले में मारे गए शिवानंद का अंतिम संस्कार: पांच वर्षीय बेटे ने दी मुखाग्नि, नम आंखों से दी गई अंतिम विदाई

ओमान के निकट अमेरिकी मिसाइल हमले में जान गंवाने वाले देवरिया जिले के सुरौली निवासी शिवानंद चौरसिया का पूरे राजकीय सम्मान और भावुक माहौल के बीच अंतिम संस्कार कर दिया गया। बरहज के कटईलवा घाट स्थित सरयू नदी तट पर भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उनके पांच वर्षीय पुत्र समर ने नम आंखों से अपने पिता को मुखाग्नि दी। इस मार्मिक दृश्य को देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।
अंतिम संस्कार में प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। परिजनों और शुभचिंतकों ने शिवानंद चौरसिया को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए अंतिम विदाई दी। पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल बना रहा। अंतिम यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
साथी ने बयां की हमले की भयावहता
इस बीच जहाज पर मौजूद शिवानंद चौरसिया के साथी इंदल चौहान ने हमले की भयावह घटना का विवरण साझा किया। उन्होंने बताया कि जहाज पर कुल 28 लोग सवार थे। जहाज सिंगापुर से बिटुमेन लेकर ओमान के रास्ते चीन की ओर जा रहा था। इसी दौरान ओमान के हॉर्मुज क्षेत्र के पास जहाज अमेरिकी मिसाइल हमले की चपेट में आ गया। इंदल चौहान के अनुसार मिसाइल हमले के बाद जहाज का पूरा सिस्टम अचानक ठप हो गया। इससे जहाज पर अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। हालात कुछ सामान्य होने के बाद कैप्टन ने सभी क्रू मेंबर्स की गिनती कराई। इस दौरान तीन सदस्य लापता पाए गए। इसके बाद उनकी तलाश शुरू की गई।
खोजबीन में मिला शिवानंद का शव
खोज अभियान के दौरान शिवानंद चौरसिया का शव जली हुई अवस्था में बरामद हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार और पूरे जिले में शोक की लहर दौड़ गई। शिवानंद की मौत से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। अंतिम संस्कार के दौरान ग्रामीणों ने परिवार को ढांढस बंधाया और प्रशासन से आर्थिक सहायता तथा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दिए जाने की मांग दोहराई। वहीं प्रशासन ने परिजनों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिया है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और संवेदना का माहौल बना हुआ है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









