देवरिया में महिला के ऊपर वाहन पलटने से मौत: ट्रक ने दूध वाहन को मारी टक्कर, सड़क किनारे कर रही थी मॉर्निंग वॉक

देवरिया-सलेमपुर मुख्य मार्ग पर सोमवार तड़के सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। मॉर्निंग वॉक पर निकली एक महिला की मौत हो गई। यह घटना सलेमपुर कोतवाली से लगभग 100 मीटर आगे एसबीआई बैंक के पास सुबह करीब छह बजे हुई।
तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़े दूध से लदे एक वाहन को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दूध वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। इसी दौरान, मॉर्निंग वॉक कर रही महिला वाहन की चपेट में आ गईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
ब्यटी पार्लर के सहारे चलता था खर्च
मृतका की पहचान बबीता देवी (48) पत्नी स्वर्गीय विपिन बिहारी के रूप में हुई है, जो अहिरौली लाला, थाना सलेमपुर की निवासी थीं। वह सलेमपुर में एक ब्यूटी पार्लर चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करती थीं। उनके परिवार में 16 वर्षीय पुत्र आदित्य और 18 वर्षीय पुत्री नेहा कुमारी हैं। वहां पर मौजूद लोगों ने बताया कि ट्रक की टक्कर इतनी जोरदार थी कि दूध से लदा वाहन पलट गया। बबीता देवी उसी दौरान सड़क किनारे टहल रही थीं और उसकी चपेट में आ गईं। उनके साथ टहल रही अन्य महिलाओं ने भागकर अपनी जान बचाई।
चालक ट्रक छोड़कर फरार
सूचना मिलने पर सलेमपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटना के बाद ट्रक का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया था। ट्रक चालक को सोहनाग मोड़ के पास छोड़कर फरार हो गया। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार सिंह ने बताया कि दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है। फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है और मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









