फतेहपुर में डंपर ने बाइक को 150 मीटर तक घसीटा: मां-बेटी समेत तीन की मौत, टक्कर के बाद डंपर छोड़कर भागा चालक

फतेहपुर|
मां-बेटी समेत तीन की मौत, टक्कर के बाद डंपर छोड़कर भागा चालक
सेव सूची

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में बुधवार दोपहर भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक डंपर के नीचे फंस गई और वाहन उसे करीब 150 मीटर तक घसीटता ले गया। हादसे में एक महिला और उसकी 14 वर्षीय बेटी समेत तीन लोगों की जान चली गई। दुर्घटना के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।

हादसा बुधवार दोपहर करीब एक बजे जिले के हुसैनगंज क्षेत्र में चांदीपुर और सरीला गांवों के बीच हुआ। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के मुताबिक, मोटरसाइकिल पर असनी गांव निवासी सौरभ मौर्य (23 वर्ष), शबनम (38 वर्ष) और उनकी बेटी इल्मा (14 वर्ष) सवार थे। इसी दौरान तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

बाइक डंपर के नीचे फंसी, 150 मीटर तक घसीटी

टक्कर इतनी जोरदार थी कि मोटरसाइकिल डंपर के नीचे फंस गई। इसके बाद डंपर बाइक को करीब 150 मीटर तक घसीटता चला गया। हादसे में बाइक सवार तीनों लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

शादी समारोह में जा रही थीं मां-बेटी

पुलिस के अनुसार, शबनम और उनकी बेटी इल्मा परिवार में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने के लिए बहुआ गांव जा रही थीं। हादसे की खबर मिलते ही घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। हादसे से आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम करने की कोशिश की। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाया और स्थिति शांत कराई। इसके बाद तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस फरार डंपर चालक की तलाश में जुटी है।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।