फतेहपुर में ताश के पत्तों की तरह ढहा दो मंजिला मकान: रसोई गैस सिलिंडर फटने से पांच लोगों की मौत, दो की हालत गंभीर
मलवां कस्बे में एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। यहां एक फल कारोबारी सुरेश गुप्ता के दो मंजिला मकान में जोरदार धमाका हुआ, जिससे पूरी इमारत ताश के पत्तों की तरह ढह गई। इस दर्दनाक हादसे में कारोबारी के बेटे और तीन भतीजों समेत कुल पांच लोगों की मौत हो गई है। विस्फोट इतना भयानक था कि इसकी गूंज से आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया और पड़ोस के मकानों को भी नुकसान पहुंचा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसा खाना बनाते समय रसोई गैस सिलिंडर फटने की वजह से हुआ। मकान में कुल चार सिलिंडर रखे थे, जिनमें से दो के फटने की बात सामने आ रही है। हालांकि, धमाके की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि पुलिस और फोरेंसिक टीमें घर में रखी इन्वर्टर बैटरियों में ब्लास्ट होने या गृहस्वामी के पटाखा व्यवसायी होने के कारण बारूद की मौजूदगी की आशंकाओं को लेकर भी गहन पड़ताल कर रही है। असली वजह स्पष्ट करने के लिए फोरेंसिक टीम, डॉग स्क्वायड और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके से साक्ष्य जुटा रही हैं।
सिलिंडर में अचानक लगी आग
सुरेश गुप्ता की पत्नी उमा देवी ने बताया कि शाम के वक्त वह मकान के निचले हिस्से में खाना बना रही थीं। तभी अचानक सिलिंडर में आग लग गई। शोर सुनकर दूसरी मंजिल पर मौजूद बेटा कुणाल (18 वर्ष) और भतीजा आलोक (25 वर्ष) आग बुझाने के लिए नीचे दौड़े। लोग कुछ समझ पाते या बाहर भाग पाते, उससे पहले ही एक जोरदार धमाका हुआ और देखते ही देखते दूसरी मंजिल की छत भरभराकर नीचे आ गिरी।
मलबे से कुल सात लोगों को निकाला गया बाहर
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, प्रशासन और एसडीआरएफ की टीमें फौरन मौके पर पहुचीं और मलबे को हटाने का रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। मलबे से कुल सात लोगों को निकाला गया। फतेहपुर के मुख्य चिकित्सा अधिकारी के मुताबिक, हादसे में चार लोगों की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई थी, जबकि एक अन्य घायल ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद सदमे में गृहस्वामी
मरने वालों में सुरेश गुप्ता का बेटा कुणाल (18 वर्ष), भतीजा, आलोक (25 वर्ष), अर्पित (15 वर्ष), वेद (8 वर्ष), यश उर्फ टुकटुक (6 वर्ष) शामिल है, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। हादसे के सदमे से गृहस्वामी सुरेश गुप्ता की तबीयत भी बिगड़ गई, जिन्हें मेडिकल सहायता दी गई है।
सीएम योगी ने जताया दुख
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने जिला प्रशासन को पीड़ितों को तत्काल राहत पहुंचाने और घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले सभी मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।


