गाजियाबाद में चेन स्नेचिंग गिरोह का पर्दाफाश: पांच आरोपी गिरफ्तार, तीन रैपिडो चालक बनकर करते थे निगरानी

गाजियाबाद पुलिस की क्राइम ब्रांच ने दिल्ली-एनसीआर में आतंक मचाने वाले एक शातिर चेन स्नेचिंग गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में से तीन शातिर अपराधी रेपिडो चालक के रूप में काम करते थे, जो सवारी ढोने के बहाने दिन में अपना शिकार तलाशते थे। इस गिरोह ने दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और हापुड़ में स्नेचिंग की 22 वारदातों को अंजाम देने की बात कबूल की है।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि गिरोह के सदस्य बेहद शातिर तरीके से काम करते थे। तीन आरोपी दिन में रेपिडो चालक बनकर सड़कों पर घूमते थे ताकि किसी को उन पर शक न हो। इस दौरान वे सुनसान रास्तों और अकेली महिलाओं की रेकी करते थे। शिकार तय होते ही वे अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर झपट्टा मारते और सोने की चेन या मोबाइल फोन लूटकर फरार हो जाते थे।
गिरोह में मैकेनिक और सुरक्षाकर्मी भी शामिल
हैरानी की बात यह है कि इस गिरोह में शामिल सभी आरोपी 19 से 23 साल के युवा हैं। गिरफ्तार किए गए पांच सदस्यों में तीन रेपिडो चालक जो चेन स्नेचिंग करते थे, एक मोबाइल फोन मैकेनिक, जो लूटे गए मोबाइल को खपाने में मदद करता था और एक सुरक्षाकर्मी शामिल हैं।
पुलिस को मिली बड़ी बरामदगी
क्राइम ब्रांच ने आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में सोने के आभूषण, पांच चालू मोबाइल फोन और सात मोबाइल फोन के मदरबोर्ड, वारदात में इस्तेमाल होने वाली दो मोटरसाइकिलें, एक अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, इस गिरोह ने पिछले महज तीन महीनों के भीतर गाजियाबाद, नोएडा, हापुड़ और दिल्ली के अलग-अलग इलाकों से 15 मोबाइल फोन और सात सोने की चेन लूटने की बात स्वीकार की है। पुलिस अब इनसे जुड़े अन्य नेटवर्क और लूटे गए जेवर खरीदने वाले सुनारों की तलाश कर रही है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

