केमिकल फैक्ट्री में लगी भीषण आग: हिंडन विहार में दूर तक दिखा धुएं का धुंध, दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं

गाजियाबाद के नंदग्राम थाना क्षेत्र स्थित हिंडन विहार में गुरुवार को एक केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। फैक्ट्री से उठता काले धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई दिया, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। वहां पर मौजूद लोगों ने बताया फैक्ट्री में केमिकल से संबंधित काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक आग भड़क उठी। कुछ ही देर में आग ने फैक्ट्री के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें और धुआं देखकर आसपास के लोग घरों और दुकानों से बाहर निकल आए।
मौके पर पहुंची दमकल की गाडि़या
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंची। फायर कर्मियों ने तुरंत आग बुझाने का कार्य शुरू किया। आग की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त संसाधनों की भी व्यवस्था की गई, ताकि आग आसपास की इमारतों तक न फैल सके। दमकल विभाग की टीमें लगातार आग पर काबू पाने में जुटी रहीं। अधिकारियों ने सुरक्षा को देखते हुए फैक्ट्री के आसपास लोगों के आने-जाने पर रोक लगा दिया गया।
केमिकल सामग्री ने बढ़ाई समस्या
फैक्ट्री में केमिकल सामग्री होने के कारण आग तेजी से फैल रही थी। दमकलकर्मी विशेष सावधानी बरतते हुए आग पर नियंत्रण पाने का प्रयास कर रहे हैं। आग से निकल रहा घना धुआं पूरे इलाके में फैल गया, जिससे लोगों को सांस लेने में भी दिक्क्त हुई। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि केमिकल से जुड़े कार्य के दौरान आग लगी होगी। हालांकि आग लगने के कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
हताहत की सूचना नहीं
राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के हताहत या घायल होने की सूचना नहीं है। प्रशासन और दमकल विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद नुकसान का आकलन किया जाएगा। मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) राहुल पाल ने बताया कि दोपहर करीब 2:05 बजे आग लगने की सूचना मिलते ही कोतवाली, वैशाली और साहिबाबाद फायर स्टेशन से कुल सात दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया।
गोदाम के भूतल पर इंक का भंडारण था, जबकि ऊपरी मंजिल पर रबर स्टैंप बनाने का कार्य होता था। फायर कर्मियों ने कड़ी मशक्कत और फोम पंपिंग के जरिए आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है और आसपास के गोदामों व मकानों को भी सुरक्षित बचा लिया गया।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।







