गाजियाबाद में फर्नीचर फैक्ट्री में लगी भीषण आग: टीनशेड गिरने से बाल-बाल बचे दमकलकर्मी, शॉर्ट सर्किट की आशंका

साहिबाबाद औद्योगिक क्षेत्र में बुधवार तड़के एक फर्नीचर फैक्ट्री में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी विकराल थी कि उसकी लपटें और धुएं का गुबार करीब दो किलोमीटर दूर से दिखाई दे रहा था। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। टीम ने राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। हादसे में फैक्ट्री में रखा फर्नीचर, एक कार, बाइक और अन्य सामान जलकर राख हो गया। हालांकि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) राहुल पाल ने बताया कि साइट-4 स्थित प्लॉट संख्या 534-सी में संचालित एसएस फर्नीचर सोफा होम में आग लगने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर पाया गया कि पूरी फैक्ट्री आग की चपेट में थी। फैक्ट्री में सोफा और अन्य फर्नीचर निर्माण का कार्य होता था। जिसके कारण ज्वलनशील सामग्री ने आग को तेजी से फैलने में मदद की। आग बुझाने के दौरान फैक्ट्री का टीनशेड अचानक भरभराकर गिर गया। गनीमत रही कि उस समय आसपास मौजूद दमकलकर्मी सुरक्षित बच गए और कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।
हादसे में सारा सामान जलकर राख
आग की तीव्रता को देखते हुए वैशाली फायर स्टेशन से अतिरिक्त वाटर ब्राउजर भी बुलाए गए। टीनशेड हटाने के लिए बुलडोजर की सहायता ली गई। इसके बाद आग पर प्रभावी ढंग से नियंत्रण पाया जा सका। अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है। आग से फैक्ट्री परिसर में खड़ी हुंडई वेन्यू कार, एक बाइक और बड़ी मात्रा में फर्नीचर नष्ट हो गया। वहीं दमकल विभाग की तत्परता से आग को आसपास के आवासीय भवनों तक फैलने से रोक लिया गया। फिलहाल घटना के कारणों और नुकसान का विस्तृत आकलन किया जा रहा है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।







