गाजियाबाद में 150 करोड़ के विवाद में पिता की हत्या: शराबी बेटे ने दागीं 6 गोलियां, डांट के बाद बढ़ा विवाद

गाजियाबाद|1 घंटा पहले
शराबी बेटे ने दागीं 6 गोलियां, डांट के बाद बढ़ा विवाद

मोदीनगर थाना क्षेत्र में 150 करोड़ रुपये की संपत्ति को लेकर हुए पारिवारिक विवाद ने खूनी मोड़ ले लिया। पुलिस के अनुसार, युवक ने अपने पिता हरिओम चौधरी की अवैध पिस्टल से छह गोलियां मारकर हत्या कर दी। वारदात के दौरान पिता के चेहरे, सीने और पेट पर गोलियां दागी गईं। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। परिजनों ने घायल हरिओम को अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर चार टीमों को उसकी गिरफ्तारी में लगाया है।

पुलिस के मुताबिक, हरिओम चौधरी पत्नी अनीता और छोटे बेटे नीशू के साथ भोजन कर चुके थे। उस समय बड़ा बेटा निखिल घर पर नहीं था। देर रात वह शराब पीकर घर लौटा। पिता ने उसके शराब के नशे में आने पर नाराजगी जताई और डांट लगाई। इसी बात पर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि निखिल ने अवैध पिस्टल निकालकर पिता से गाली-गलौज शुरू कर दी। शोर सुनकर पत्नी अनीता और छोटा बेटा भी मौके पर पहुंच गए। इसी दौरान हाथापाई हुई और निखिल ने ताबड़तोड़ छह गोलियां चला दीं। गोली लगते ही हरिओम चौधरी जमीन पर गिर पड़े। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पति का शव देखकर पत्नी अनीता बिलख उठीं और बेटे से कहा, "तूने पूरा घर उजाड़ दिया।"

पिता से अक्सर होता था विवाद

जांच में सामने आया है कि हरिओम चौधरी बुदाना गांव के संपन्न किसान थे। उनके नाम पर मोदीनगर में करीब 75 बीघा जमीन और दिल्ली-मेरठ रोड स्थित जीवन अस्पताल के सामने एक मार्केट है। पुलिस के अनुसार, उनकी कुल संपत्ति की कीमत करीब 150 करोड़ रुपये आंकी जा रही है। परिवार में पत्नी अनीता, बड़ा बेटा निखिल और छोटा बेटा नीशू हैं। दोनों बेटों की अभी शादी नहीं हुई है। एसीपी भास्कर वर्मा ने बताया कि निखिल शराब का आदी है और इसी वजह से उसका पिता से अक्सर विवाद होता रहता था। हरिओम पहले ही उसे 25 बीघा जमीन और मार्केट में दुकानें दे चुके थे, लेकिन वह शेष संपत्ति भी अपने नाम कराने का दबाव बना रहा था। पिता का कहना था कि वह जमीन बेचकर पैसे शराब में खर्च कर देगा। इसलिए वे संपत्ति हस्तांतरित करने के पक्ष में नहीं थे।

पहले भी भाई पर चला चुका है गोली

पुलिस के अनुसार, करीब आठ वर्ष पहले निखिल ने अपने छोटे भाई नीशू पर भी गोली चलाई थी। हालांकि उस घटना में उसकी जान बच गई थी। एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा ने बताया कि परिजनों ने संपत्ति विवाद की जानकारी दी है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। आरोपी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए चार टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।