गाजियाबाद में रावण के पुतले में पटाखा भरने के दौरान हुआ धमाका: पांच लोग गंभीर रूप से झुलसे, हादसे में ठेकेदार की मौत

गाजियाबाद|

साहिबाबाद के लाजपत नगर में दशहरा पर्व के लिए रावण का पुतला तैयार करते समय हुए भीषण पटाखा धमाके में गंभीर रूप से घायल ठेकेदार अनिल सिंह (45 वर्षीय) ने अस्पताल में दम तोड़ दिया है। इस हादसे में ठेकेदार के दो बेटों सहित कुल पांच लोग गंभीर रूप से झुलस गए थे, जिनमें से दो की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।

सामुदायिक केंद्र में हुआ था भीषण ब्लास्ट

यह दर्दनाक हादसा साहिबाबाद थाना क्षेत्र के लाजपत नगर स्थित एक सामुदायिक केंद्र में हुआ। यहां रामलीला समिति की ओर से रावण का पुतला बनाने का काम चल रहा था। हापुड़ के पिलखुआ निवासी ठेकेदार अनिल सिंह अपने मजदूरों और बेटों के साथ पुतले के विभिन्न हिस्सों में पटाखे भरने का काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक पटाखों की निर्माण सामग्री में आग लग गई और एक के बाद एक कई जोरदार धमाके हुए।

धमाके की तीव्रता से गिरीं दीवारें

विस्फोट इतना भयानक था कि सामुदायिक केंद्र की दो दीवारें ढह गईं और पास खड़ी गाड़ियों को भारी नुकसान पहुंचा। धमाके की गूंज से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के मकानों की दीवारों में भी दरारें आ गईं। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाते हुए घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया।

घायलों की स्थिति

हादसे में झुलसे सभी पांचों लोगों को पहले स्थानीय एमएमजी अस्पताल ले जाया गया था, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें दिल्ली के सफदरजंग और जीटीबी अस्पताल रेफर किया गया। ठेकेदार अनिल सिंह को मलबे और धमाके की चपेट में आने से सिर पर गंभीर चोट आई थी, जिसके चलते इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। वहीं अनिल सिंह के दो बेटे रजत (29) और ऋषभ (25) के अलावा उनके सहयोगी राजू (35) और महेंद्र (32) गंभीर रूप से झुलसे हुए हैं और उनका इलाज जारी है।

अवैध पटाखा फैक्ट्री की अफवाह को पुलिस ने नकारा

हादसे के बाद स्थानीय इलाके में आबादी के बीच अवैध पटाखा फैक्ट्री संचालित होने की अफवाह फैल गई थी। हालांकि, साहिबाबाद के एसीपी अमित सक्सेना ने इन दावों को पूरी तरह खारिज किया है। पुलिस प्रशासन के मुताबिक, मौके पर पटाखे बनाने या बेचने का कोई काम नहीं हो रहा था, बल्कि बाजार से खरीदे गए पटाखों को केवल रावण के पुतले में भरा जा रहा था। फिलहाल पुलिस और फॉरेंसिक टीमें हादसे के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए मामले की गहन जांच कर रही हैं।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।