गाजियाबाद में शिवलिंग को काटने की कोशिश: ग्राइंडर की तेज आवाज सुनकर मंदिर पहुंचे ग्रामीण, औजार छोड़कर फरार हुए आरोपी

गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र के बिहारीपुरा स्थित शिव मंदिर में शिवलिंग को ग्राइंडर से काटने का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलने पर बड़ी संख्या में लोग मंदिर के पास जुट गए और हंगामा करने लगे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को शांत कराया और जांच शुरू की। पुलिस ने फिलहाल मंदिर में नया शिवलिंग स्थापित करा दिया है। अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर घटना में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है।
मिली जानकारी के मुताबिक, यह घटना देर रात करीब 1:30 से 2:00 बजे के बीच की है। मंदिर परिसर के भीतर से अचानक ग्राइंडर चलने की तेज आवाज सुनकर आसपास के स्थानीय निवासी चौंक गए और तुरंत मौके की तरफ दौड़े। लोगों को अपनी ओर आता देख आरोपी घबरा गए और मौके पर ही बिजली का ग्राइंडर और अन्य औजार छोड़कर फरार हो गए। शिवलिंग पर ग्राइंडर से काटने के गहरे निशान पाए गए हैं।
बाउंड्री कूदकर भागती दिखी लड़की
रिपोर्ट्स के अनुसार, घटना के ठीक बाद एक स्थानीय महिला ने एक किशोरी को मंदिर की बाउंड्री वॉल से कूदकर भागते हुए देखा। महिला ने जब उसे रोककर पूछताछ की, तो लड़की ने बहाना बनाया कि वह देर रात मंदिर में पूजा करने आई थी और मंदिर बंद हो जाने के कारण दीवार कूदकर बाहर निकल रही थी। हालांकि, लड़की के जाने के बाद जब लोग अंदर पहुंचे तो शिवलिंग को क्षतिग्रस्त पाया।
इलाके में बढ़ा तनाव
इस घटना की खबर जैसे ही बिहारीपुरा इलाके में फैली, बड़ी संख्या में हिंदू संगठन और स्थानीय लोग मंदिर के पास जमा हो गए और जमकर हंगामा शुरू हो गया। स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए क्रॉसिंग रिपब्लिक पुलिस तुरंत भारी बल के साथ मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने तुरंत मंदिर में नया शिवलिंग स्थापित करवा दिया है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
वेव सिटी की एसीपी प्रियाश्री पाल ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर वहां से ग्राइंडर बरामद कर लिया है। मंदिर और उसके आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि वारदात में 2-3 लोग शामिल हो सकते हैं। आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इलाके में एहतियातन पुलिस बल तैनात है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

