गाजियाबाद में अपनी ही बेटी के साथ दुष्कर्म करने वाला पिता गिरफ्तार: किसी को बताने पर देता था जान से मारने की धमकी, मां ने दर्ज कराई शिकायत

लोनी स्थित ट्रोनिका सिटी थाना क्षेत्र से रिश्तों को तार-तार कर देने वाला एक बेहद ही शर्मनाक मामला सामने आया है। यहां पुलिस ने अपनी ही 13 वर्षीय नाबालिग बेटी के साथ दुष्कर्म करने वाले एक कलंकी पिता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी ने इस घिनौनी वारदात को नशे की हालत में अंजाम दिया था और किसी को बताने पर बच्ची को जान से मारने की धमकी भी दी थी।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, पीड़ित परिवार मूल रूप से बिहार के सुपौल जिले का रहने वाला है और फिलहाल ट्रोनिका सिटी क्षेत्र की एक कॉलोनी में किराए के मकान में रह रहा है। मामला तब प्रकाश में आया जब पीड़िता की मां अपनी डरी-सहमी बेटी को लेकर सीधे ट्रोनिका सिटी थाने पहुंची। महिला ने पुलिस को रोते हुए अपनी आपबीती बताई और अपने पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। महिला ने आरोप लगाया कि उसका पति काफी समय से उनकी नाबालिग बेटी के साथ मारपीट, डरा-धमकाकर गलत काम कर रहा था। लोक-लाज और पिता की खौफनाक धमकियों के डर से मासूम बच्ची ने पहले किसी को कुछ नहीं बताया था, लेकिन हिम्मत जुटाकर उसने अपनी मां को इस दरिंदगी के बारे में जानकारी दी।
पॉक्सो और संगीन धाराओं में केस दर्ज
शिकायत मिलते ही ट्रोनिका सिटी थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई और संवेदनशीलता बरतते हुए मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी पिता मंसूर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत गंभीर मामला दर्ज किया। घटना की गंभीरता को देखते हुए आरोपी को पकड़ने के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया था।
मुठभेड़ और गिरफ्तारी के बाद जुर्म कबूला
ट्रोनिका सिटी थाना प्रभारी कुलदीप दीक्षित ने बताया कि मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए बुधवार को आरोपी पिता को दिल्ली-सहारनपुर रोड स्थित आवास विकास कट के पास से दबोच लिया। पुलिस की कड़ी पूछताछ में आरोपी मंसूर ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उसने पुलिस को बताया कि वह बुरी तरह नशे का आदी है और उसने नशे की अत्यधिक धुन में ही अपनी बेटी के साथ इस घिनौनी और शर्मनाक वारदात को अंजाम दिया था। वारदात के बाद उसने बच्ची को मुंह बंद रखने के लिए जान से मारने की धमकी भी दी थी।
पीड़िता की काउंसलिंग जारी
पुलिस के अनुसार, आरोपी का फिलहाल यही एक आपराधिक रिकॉर्ड सामने आया है, हालांकि उसके बारे में अन्य जानकारियां भी जुटाई जा रही हैं। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है। वहीं, दूसरी तरफ पीड़ित नाबालिग बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और उसे इस गहरे मानसिक आघात से उबारने के लिए विशेषज्ञों द्वारा काउंसलिंग कराई जा रही है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

