गाजियाबाद में जेकेजी हाइट्स सोसायटी के दो फ्लैट जलकर खाक: आठवीं मंजिल से भड़की आग नौवीं तक पहुंची, दमकल की चार गाड़ियों ने आग पर पाया काबू

गाजियाबाद के वसुंधरा सेक्टर-18 स्थित जेकेजी हाइट्स सोसायटी की 10 मंजिला इमारत में गुरुवार दोपहर अचानक भीषण आग लग गई। आग इमारत की आठवीं और नौवीं मंजिल पर बने दो फ्लैटों में लगी, जिससे पूरी सोसायटी में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। गनीमत यह रही कि घटना के समय दोनों फ्लैट बंद थे और अंदर कोई मौजूद नहीं था, जिसके चलते एक बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब एक बजे दमकल विभाग को जेकेजी हाइट्स सोसायटी में आग लगने की सूचना मिली थी। आग पहले आठवीं मंजिल पर स्थित फ्लैट संख्या ए-801 में लगी और देखते ही देखते लपटों ने नौवीं मंजिल के फ्लैट संख्या 901 को भी अपनी चपेट में ले लिया। ऊंची मंजिल से उठता काला धुआं और आग की लपटें देखकर सोसायटी के निवासी तुरंत इमारत से बाहर निकल आए।
दमकल विभाग का रेस्क्यू ऑपरेशन
सूचना मिलते ही वैशाली फायर स्टेशन से दमकल की चार गाड़ियां और एक हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म मौके पर पहुंचा। दमकलकर्मियों ने पहले बंद फ्लैटों के दरवाजे तोड़े और ब्रीदिंग अपरेटस पहनकर अंदर दाखिल हुए। कड़ी मशक्कत के बाद होज पाइप की मदद से आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया और इसे आसपास के अन्य फ्लैटों में फैलने से रोक लिया गया। फिलहाल इस घटना में किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है, हालांकि दोनों फ्लैटों में रखा लाखों का सामान जलकर राख हो गया है। पुलिस और दमकल विभाग की टीम आग लगने के सटीक कारणों और नुकसान का आकलन करने में जुटी है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।