गाजियाबाद में कथित गोमांस मामले पर बवाल: मेयर ने बीच सड़क रुकवाए दो नाबालिग किशोर, बोलीं- “अगर इन्हें छोड़ा तो सस्पेंड करा दूंगी थाना“

गाजियाबाद|1 घंटा पहले
मेयर ने बीच सड़क रुकवाए दो नाबालिग किशोर, बोलीं- “अगर इन्हें छोड़ा तो सस्पेंड करा दूंगी थाना“

इंदिरापुरम क्षेत्र में रविवार दोपहर हड़कंप मच गया। शहर की महापौर सुनीता दयाल ने सड़क पर साइकिल से प्लास्टिक की बोरी ले जा रहे दो नाबालिग किशोरों को रोक लिया। बोरी में मांस होने की आशंका जताते हुए महापौर ने मौके पर ही पुलिस को बुला लिया। साथ ही पूरे मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जिसमें महापौर किशोरों से पूछताछ करती और पुलिस अधिकारियों को कड़ी कार्रवाई के निर्देश देती दिखाई दे रही हैं। फिलहाल पुलिस ने मांस के नमूनों को जांच के लिए भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।

बताया जा रहा है कि महापौर सुनीता दयाल रविवार दोपहर कनावनी क्षेत्र से गुजर रही थीं। इसी दौरान उनकी नजर सड़क किनारे पड़े कूड़े के ढेर पर पड़ी। नगर निगम की सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करने के लिए वह वहां रुकीं। तभी दो किशोर साइकिल पर एक प्लास्टिक की बोरी लेकर जाते दिखाई दिए। शक होने पर महापौर ने उन्हें रोककर पूछताछ शुरू की। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों किशोरों ने खुद को पास के एक मदरसे का छात्र बताया। महापौर के अनुसार, किशोरों ने बताया कि उन्हें यह बोरी हिंडन नदी के पास फेंकने के लिए दी गई थी।

वीडियो में पूछताछ और सख्त चेतावनी

घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में महापौर किशोरों से बोरी में रखे सामान के बारे में पूछती दिखाई दे रही हैं। साथ मौजूद कुछ लोग भी लगातार सवाल करते रहे। इसी दौरान कथित तौर पर बच्चों ने बोरी में गोमांस होने की बात कही। जिसके बाद माहौल और तनावपूर्ण हो गया। मौके से जाते समय मेयर पुलिस अफसरों से कहती हैं कि अगर इन्हें छोड़ा तो थाना सस्पेंड करा दूंगी। महापौर ने इस दौरान मदरसे के प्रबंधन पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यदि किसी शिक्षण संस्थान की आड़ में अवैध गतिविधियां हो रही हैं तो उस पर भी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि हिंडन नदी को स्वच्छ बनाए रखने के लिए प्रशासन लगातार अभियान चला रहा है और इस तरह की गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

पुलिस बोली- जांच रिपोर्ट आने के बाद होगी कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही इंदिरापुरम पुलिस मौके पर पहुंच गई। एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि दोनों किशोर नाबालिग हैं और उनसे संवेदनशीलता के साथ पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने बोरी में मिले मांस को परीक्षण के लिए लैब भेज दिया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि वह प्रतिबंधित पशु का मांस था या नहीं।

पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया

पुलिस ने बताया कि एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि मांस कहां से लाया गया था और उसे फेंकने के पीछे क्या उद्देश्य था। अधिकारियों का कहना है कि मामले में किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने से बचना चाहिए और जांच पूरी होने तक आधिकारिक रिपोर्ट का इंतजार करना जरूरी है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।