गाजियाबाद में ब्लिंकिट स्टोर में सिलेंडर फटने से भीषण आग: फर्नीचर शॉप खाक, 10 फ्लैट्स तक पहुंचीं लपटें
इंदिरापुरम के नीतिखंड-एक स्थित ब्लिंकिट और इंस्टामार्ट के ग्रॉसरी डिलीवरी स्टोर में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने इतना विकराल रूप ले लिया कि इसकी चपेट में आने से दो फर्नीचर शोरूम और एक डायग्नोस्टिक सेंटर पूरी तरह जलकर खाक हो गए। आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार दो किलोमीटर दूर से ही साफ देखा जा सकता था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने के बाद स्टोर के अंदर रखे कई सिलेंडर एक के बाद एक धमाके के साथ फट गए। इन तेज धमाकों की वजह से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास की दुकानों को आनन-फानन में खाली कराया गया।
पांच से अधिक परिवारों को सुरक्षित बाहर निकाला
आग की लपटें इतनी तेज थीं कि वे गोदाम के पीछे बने रिहायशी टावरों के लगभग 10 फ्लैट्स तक पहुंच गईं। फ्लैट्स के बाहर रखे एसी, वॉशिंग मशीन और कूलर पूरी तरह जल गए। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमों ने मोर्चा संभाला और इमारतों में फंसे पांच से अधिक परिवारों को सुरक्षित बाहर निकाला। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान तीसरी मंजिल पर धुएं के बीच फंसी एक महिला और उसके पालतू कुत्ते को भी सुरक्षित बचाया गया।
12 दमकल गाड़ियों ने दो घंटे में पाया काबू
हादसे की जानकारी मिलते ही कोतवाली, वैशाली और साहिबाबाद फायर स्टेशनों से 12 दमकल गाड़ियां और SDRF की टीम मौके पर पहुंची। करीब दो घंटे की भारी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। गनीमत यह रही कि समय रहते रेस्क्यू किए जाने के कारण इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई और किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। पुलिस और दमकल विभाग फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों की जांच कर रहे हैं।










