गाजियाबाद में खेत में मूली लेने गईं तीन महिलाएं करंट की चपेट में: दो की मौत, एक की हालत गंभीर

गाजियाबाद|
दो की मौत, एक की हालत गंभीर

नंदग्राम थाना क्षेत्र के भोवापुर गांव में मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। खेत में मूली लेने गईं तीन महिलाएं वहां पहले से टूटकर गिरे हाईटेंशन लाइन के तार की चपेट में आ गईं। इस दर्दनाक हादसे में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवती गंभीर रूप से झुलस गई, जो अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, मूल रूप से बदायूं की रहने वाली ये महिलाएं वर्तमान में मिशन सोसाइटी के सामने रह रही थीं। मंगलवार सुबह करीब साढ़े छह बजे ये सभी खेत में मूली तोड़ने गई थीं। इन्हें भनक भी नहीं थी कि खेत में मौत का जाल बिछा हुआ है। जैसे ही वे खेत के अंदर पहुंचीं, जमीन पर गिरे हाईटेंशन तार के संपर्क में आ गईं और जोरदार करंट लगा। मृतकों में सत्यवती 45-50 वर्ष, रूबी 20-22 वर्ष हैं। देवश्री 18 वर्ष गंभीर रूप से घायल है। उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

ग्रामीणों में भारी आक्रोश

हादसे के बाद गांव में चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस और बिजली विभाग को दी। सूचना मिलते ही एसीपी नंदग्राम जियाउद्दीन अहमद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी जुटाई। इस घटना के बाद से ग्रामीणों में बिजली विभाग की लापरवाही को लेकर भारी आक्रोश है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि हाईटेंशन लाइन का यह खतरनाक तार खेत में कब से टूटकर गिरा हुआ था और इसकी जानकारी होने के बावजूद बिजली विभाग ने सप्लाई क्यों बंद नहीं की थी। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।