गाजियाबाद में होटल के पांचवें तल पर बने बैंक्वेट हॉल में लगी आग: दमकल कर्मियों ने आग पर पाया काबू, 18 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला

गाजियाबाद|
दमकल कर्मियों ने आग पर पाया काबू, 18 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला

गाजियाबाद के साहिबाबाद साइट-4 औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एक होटल की पांचवीं मंजिल पर बने बैंक्वेट हॉल में अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि ऊपरी हिस्से को भी अपनी चपेट में ले लिया। धुएं का गुबार देखकर आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। राहत की बात यह रही कि दमकल कर्मियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए होटल के कमरों में फंसे सभी 18 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस घटना में किसी भी तरह की जनहानि की सूचना नहीं है।

दमकल विभाग को जैसे ही आग की सूचना मिली, तुरंत दमकल की नौ गाड़ियां और हाइड्रोलिक मशीनें मौके पर भेजी गईं। मुख्य अग्निशमन अधिकारी सौरभ सिंह ने बताया कि दमकल कर्मियों ने होटल में दो तरफ से पानी की पाइप लाइन बिछाकर आग बुझाने का काम शुरू किया। आग लगने के बाद पूरी इमारत में काला धुआं भर गया था। रेस्क्यू टीम ने सर्च लाइट की मदद से एक-एक कमरे की सघन तलाशी ली। दमकल कर्मियों ने कमरों के दरवाजे खटखटाए और यह सुनिश्चित किया कि कोई भी व्यक्ति अंदर बेहोशी की हालत में न फंसा हो। होटल के 12 कमरों में ठहरे सभी 18 मेहमानों को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।

शॉर्ट सर्किट से आग की आशंका

शुरुआती जांच और दमकल अधिकारियों के मुताबिक, होटल में रिनोवेशन का काम भी चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि बैंक्वेट हॉल के ऊपरी हिस्से में बिजली की स्पार्किंग या शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी होगी। दमकल की त्वरित कार्रवाई के चलते आग को इमारत के एक ही हिस्से तक सीमित रखा गया और कुछ ही समय में उसे पूरी तरह बुझा दिया गया। फिलहाल पुलिस और फायर विभाग की टीमें नुकसान का आकलन करने और आग के सही कारणों का पता लगाने में जुटी हैं।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।