गाजियाबाद में पार्किंग में खड़ी कारों में लगी आग: दो जलकर हुई राख, दमकल विभाग ने आग पर पाया काबू
इंदिरापुरम इलाके में मंगलवार सुबह एक बहुमंजिला आवासीय इमारत की पार्किंग में खड़ी कारों में भीषण आग लग गई। इस हादसे में दो कारें पूरी तरह से जलकर खाक हो गईं, जबकि एक अन्य कार को आंशिक नुकसान पहुंचा है। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियों और एक वाटर बाउजर ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
दमलकलकर्मियों की मुस्तैदी के कारण आग को समय रहते फैलने से रोक लिया गया, जिससे पार्किंग में खड़े अन्य वाहन और इमारत के ऊपरी फ्लैट सुरक्षित बच गए। इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। यह हादसा मंगलवार सुबह करीब 4:25 से 5:00 बजे के बीच इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के ज्ञानखंड प्रथम स्थित प्लॉट नंबर-154 की स्टिल्ट पार्किंग में हुआ।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
ज्ञानखंड क्षेत्र में चल रहे एक जागरण कार्यक्रम के कारण सड़क पर सजावट की गई थी, जिसकी वजह से शुरुआत में दमकल की गाड़ियों को घटना स्थल तक पहुंचने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बाद में रास्ते से सजावट हटाकर और दूसरी तरफ से गाड़ी भेजकर राहत कार्य शुरू किया गया। आग की चपेट में आने से पार्किंग में खड़ी मारुति बलेनो और मारुति फ्रॉन्क्स कारें पूरी तरह से जलकर क्षतिग्रस्त हो गईं। वहीं पास खड़ी एक फॉक्सवैगन कार भी आग की लपटों से मामूली रूप से झुलस गई। एसीपी सूर्यबली मौर्य के मुताबिक, कारों में आग किन संदिग्ध परिस्थितियों में लगी, इसका कारण अभी तक साफ नहीं हो पाया है। पुलिस और दमकल विभाग की टीम मामले की जांच कर रही है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

