गाजियाबाद में पुलिस और बदमाशों में मुठभेड़: चैकिंग के दौरान फायरिंग कर भाग रहे दो शातिर लुटेरे गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
गाजियाबाद में थाना सिहानी गेट पुलिस ने मेरठ रोड पर स्थित डीपीएस स्कूल (गेट नंबर-2) के पास मुठभेड़ के बाद दो बेहद शातिर लुटेरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा आत्मरक्षा में की गई जवाबी फायरिंग में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी है, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सहायक पुलिस आयुक्त जियाउद्दीन अहमद ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि क्षेत्र में लूट और टप्पेबाजी की वारदातों को अंजाम देने वाले दो बदमाश फिर से किसी नई घटना की फिराक में घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मेरठ रोड पर डीपीएस स्कूल के पास चेकिंग शुरू की। इसी दौरान स्कूटी पर सवार दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया, तो वे हड़बड़ा गए और स्कूटी मोड़कर भागने लगे। पुलिस टीम ने जब उनका पीछा किया, तो बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाश हुए घायल
बदमाशों की ओर से हुई फायरिंग के बाद पुलिस ने भी अपना बचाव करते हुए जवाबी कार्रवाई की। पुलिस की तरफ से चलाई गई गोलियां दोनों बदमाशों के पैर में जा लगीं, जिससे वे वहीं गिर पड़े। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को मौके पर ही दबोच लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान दिल्ली के मंगोलपुरी निवासी विवेक और गौरव उर्फ गोलू के रूप में हुई है।
दिल्ली-NCR में दर्ज हैं दर्जनों मुकदमे
पुलिस जांच में सामने आया है कि पकड़े गए दोनों आरोपी बेहद शातिर अपराधी हैं। विवेक के खिलाफ दिल्ली-एनसीआर के अलग-अलग थानों में लूट, चोरी और टप्पेबाजी के 29 और आर्म्स एक्ट के 3 मुकदमों समेत कुल 32 मामले दर्ज हैं। वहीं गौरव उर्फ गोलू के खिलाफ भी लूट, चोरी और टप्पेबाजी के कुल 10 मुकदमे दर्ज हैं।
बैंक उपभोक्ताओं को बनाते थे निशाना
पूछताछ में बदमाशों ने कुबूला कि वे अक्सर बैंकों के बाहर रेकी करते थे। जैसे ही कोई व्यक्ति बैंक से पैसे लेकर निकलता, ये अपनी स्कूटी से उसके पीछे लग जाते थे। मौका पाकर ये पीड़ित की गाड़ी में टक्कर मार देते और 'स्कूटी में टक्कर क्यों मारी' कहकर बहस करने लगते थे। जब पीड़ित अपनी बातों में उलझ जाता, तो ये उसका रुपयों से भरा बैग झपटकर फरार हो जाते थे। हाल ही में इन्होंने नंदग्राम निवासी एक व्यक्ति से मालीवाड़ा चौक के पास इसी तरह बैग लूटा था।
पुलिस ने बरामद किए माल
पुलिस ने इनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की जाने वाली स्कूटी, लूटे गए 4,600 रुपये कैश, .315 बोर के दो अवैध तमंचे, दो जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस अब इनके अन्य आपराधिक इतिहास और नेटवर्क को खंगालने में जुटी है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

